हिसार। रोहतक-महम-हांसी रेललाइन का विद्युतीकरण जल्द से जल्द पूरा हो। साथ ही इस रेलवे लाइन पर बन रहे सोरखी स्टेशन को हाल्ट स्टेशन की बजाय क्रॉसिंग स्टेशन बनाया जाए। यह मांग हिसार के भाजपा सांसद बृजेंद्र सिंह ने दिल्ली रेल मंडल के अधिकारियों से बातचीत में रखी। इसके अलावा नई रेल सेवाएं आरंभ करने, पहले से चल रही गाड़ियों का विस्तार करने पर भी चर्चा हुई।
सांसद बृजेंद्र सिंह ने अधिकारियों से कहा कि गाडी संख्या 02329/30 सियालदाह-आनंद विहार पश्चिम बंगाल संपर्क क्रांति एक्सप्रेस (साप्ताहिक) का हिसार (वाया रोहतक) तक विस्तार किए जाने का मुद्दा उठाते हुए कहा कि यह गाड़ी बिना किसी मरम्मत के दिल्ली यार्ड में लगभग 13 घंटे खड़ी रहती है। गाड़ी संख्या 06077/78 कोयंबटूर-हजरत निजामुद्दीन-कोयंबटूर कोंगू एक्सप्रेस का विस्तार रोहतक होते हुए हिसार किया जाए। सांसद बृजेंद्र द्वारा गाड़ी संख्या 04509/10 लुधियाना-जाखल-लुधियाना पैसेंजर व गाड़ी संख्या 04431/32 दिल्ली-जाखल-दिल्ली एक्सप्रेस का जाखल-उकलाना होते हुए हिसार तक विस्तार किए जाने का प्रस्ताव भी दिया गया है।
हिसार-दिल्ली एक्सप्रेस दोबारा हो संचालित
उन्होंने जींद से उचाना-नरवाना होते हुए कुरुक्षेत्र के लिए नई डेमू रेल सेवा और दिल्ली से अमृतसर (वाया उचाना) दैनिक रेल सेवा का संचालन किए जाने की मांग भी रखी। उन्होंने गाड़ी संख्या 04733/34 रेवाड़ी-श्रीगंगानगर-रेवाड़ी एक्सप्रेस गाड़ी को गाडी संख्या 04436 मेरठ-रेवाड़ी एक्सप्रेस व 54416 रेवाड़ी-दिल्ली पैसेंजर के साथ मर्ज किए जाने का भी विषय अधिकारियों के समक्ष रखा। सांसद बृजेंद्र सिंह ने कोविड महामारी से पहले चल रही गाड़ी संख्या 54309/10 दिल्ली-हिसार-दिल्ली एक्सप्रेस व गाड़ी संख्या 54315/16 रेवाड़ी-हिसार-रेवाड़ी (वाया सादुलपुर) ट्रेन का दोबारा संचालन किए जाने पर भी अधिकारियों से विस्तृत चर्चा की।