हिसार। सदर थाना पुलिस ने नशीले पदार्थ की तस्करी के एक मामले में फरार चल रही आरोपी महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला रोहतक की रहने वाली निर्मला है। सदर थाना पुलिस उक्त मामले में दो आरोपी महिलाओं रेखा और काली को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस आरोपी महिला से पूछताछ कर रही है। इस संबंध में सदर थाना पुलिस ने 24 जून 2021 को रेखा और अन्य के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत केस दर्ज किया था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 24 जून 2021 को एएसआई नरेश कुमार अपनी टीम के साथ गश्त पर थे। उस दौरान सूचना मिली की आंबेडकर बस्ती की रहने वाली रेखा हांसी से चिट्टा लेकर आ रही है। पुलिस टीम ने भानू चौक के पास नाकाबंदी कर शक के आधार पर रेखा की तलाशी ली तो उसके पास से 505 ग्राम चिट्टा बरामद किया था। पुलिस ने जांच के बाद मामले से जुड़ी एक और महिला काली को गिरफ्तार किया था। अब इस मामले में रोहतक की रहने वाली निर्मला को पकड़ा है। निर्मला ही दिल्ली से चिट्टा लेकर आई थी और हांसी में रेखा को देकर चली गई थी।