हिसार। लंबित वित्तीय भत्तों की मांग के लिए हरियाणा रोडवेज के डिपो में कर्मचारियों का सोमवार को 46वें दिन भी धरना जारी रहा। मांग पूरी करने के लिए रोडवेज कर्मचारियों ने महाप्रबंधक को 8 जुलाई तक का अल्टीमेटम दिया। मांग पूरी न होने पर 9 जुलाई को निर्णायक आंदोलन की घोषणा की गई।
धरने की अध्यक्षता करते हुए संदीप जैनावास ने महाप्रबंधक की कार्यशैली पर आक्रोश जताया। उन्होंने कहा कि उनकी कर्मचारी विरोधी नीतियों और मनमानी के कारण वित्तीय भत्ते लंबे समय से लंबित हैं। इससे डिपो के कर्मचारियों में भारी रोष व्याप्त है। कर्मवीर मसूदपुर ने धरने का संचालन किया। इस दौरान अजय दुहन, जोगेंद्र पंघाल, अनूप श्योकंद, राजबीर दुहन, पवन कनोह, नरेंद्र खरड़, अरुण शर्मा, जितेंद्र शर्मा आदि मौजूद रहे।