सीवरेज लाइन ठीक करने के लिए तोड़ा गया हांसी मंडी का मार्ग।
हांसी। अनाज मंडी में 15 मार्च से सरसों की सरकारी खरीद शुरू होगी। वहीं एक अप्रैल से गेहूं की सरकारी खरीद शुरू हो जाएगी। सरकारी खरीद शुरू होने से पहले मार्केट कमेटी के अधिकारी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करवाने में लगे हुए हैं। मंडी में सीवरेज व्यवस्था को ठीक करवाया जा रहा है। वहीं रोड की मरम्मत के लिए हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के एक्सईएन को पत्र लिखा गया है।
हांसी की अनाज मंडी के साथ सिसाय सब यार्ड में सरसों की खरीद होगी। सरसों की सरकारी खरीद हैफेड व हरियाणा वेयर हाउस कॉरपोरेशन में से एक एजेंसी की तरफ से होगी। इस सप्ताह में एजेंसी का चयन होगा। सरसों की आवक 20 मार्च के बाद तेज होगी। वहीं गेहूं की सरकारी खरीद सिसाय सब यार्ड के साथ घिराय स्थित फसल खरीद केंद्र में भी होगी। खरीद के लिए अभी तक एजेंसी का चयन नहीं हुआ है। गेहूं की आवक 10 अप्रैल के बाद तेज होगी। अनाज मंडी में सरकारी खरीद शुरू होने से पहले सीवरेज व्यवस्था को दुरुस्त करवाया गया है।
वहीं मंडी के रोड पर जगह-जगह गड्ढे हैं। इस वजह से यहां वाहन चालकों को समस्या होती है। वहीं मंडी में सीवरेज व्यवस्था भी ठप है। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि अभी सीवरेज की सफाई करवा दी है। लेकिन खरीद के दिनों में मंडी में लोगों की संख्या बढ़ेगी तो उसके बाद ही पता चलेगा कि सीवरेज व्यवस्था ठीक है या नहीं। वहीं मंडी में सीवरेज लाइन डालने के लिए एक रोड भी तोड़ा हुआ है।
सीवरेज की सफाई करवा दी। सड़कों को ठीक करने के लिए मार्केटिंग बोर्ड के एक्सईएन को पत्र लिखा हुआ है। प्रयास है कि खरीद शुरू होने से पहले पैच वर्क से सड़कों की मरम्मत हो जाए।- अमित रोहिल्ला, सचिव, मार्केट कमेटी