हिसार। बजरंग गर्ग व्यापारियों के साथ बैठक करते हुए। स्रोत स्वयं
हिसार। जिले में जीएसटी से 9 माह में ही सरकार को 792.99 करोड़ रुपये का राजस्व मिल गया है। अधिकारियों का दावा है कि इस साल पिछले साल के मुकाबले ज्यादा जीएसटी जमा होगा। इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि वित्त वर्ष 2023-24 में जिले से 681.36 करोड़ रुपये का राजस्व जीएसटी से आया था।
अभी वित्त वर्ष के तीन माह बाकी है और अभी यह पिछले साल के आंकड़े को पार कर चुका है।
बता दें कि जिले में कुल 26 हजार 727 व्यापारी हैं, जिनके पास जीएसटी पहचान नंबर है। इनमें से 15 हजार 332 जीएसटी पहचान नंबर स्टेट जीएसटी कार्यालय के अधीन हैं और 11 हजार 395 जीएसटी पहचान नंबर सेंट्रल जीएसटी कार्यालय के अधीन हैं।
स्टेट व सेंट्रल जीएसटी से अलग-अलग राजस्व की बात करें तो 31 दिसंबर तक स्टेट जीएसटी 314.09 करोड़ रुपये और सेंट्रल जीएसटी से 478.90 करोड़ रुपये राजस्व प्राप्त हुआ है। वहीं पिछले वित्त वर्ष में सेंट्रल जीएसटी 350.66 करोड़ रुपये सरकारी खजाने में जमा हुए थे, जबकि स्टेट जीएसटी के रूप में 330.70 करोड़ रुपये टैक्स आया था।
यह होता है जीएसटी : जीएसटी भारत में 1 जुलाई 2017 को तत्कालीन वित्त मंत्री अरुण जेटली ने लागू किया था। यह अप्रत्यक्ष कर है, जिसका उपयोग भारत में वस्तुओं और सेवाओं की आपूर्ति पर किया जाता है। जिन व्यापारियों का वार्षिक आय 20 लाख रुपये से अधिक है, उनके लिए जीएसटी पहचान नंबर लेना अनिवार्य है।