हिसार। मिलगेट एरिया में शिव नगर निवासी 73 वर्षीय रिटायर्ड सूबेदार गुरदयाल की टंकी का पानी गली में गिरने को लेकर हुए विवाद में चोट लगने से मौत हो गई। एचटीएम थाना पुलिस पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मृतक के बेटों की शिकायत पर दो लोगों पर गैर इरादतन हत्या की धारा के तहत केस दर्ज किया है।
मृतक गुरदयाल के बेटे देवेंद्र कुमार ने मिलगेट थाना पुलिस को शिकायत में बताया कि सोमवार सुबह 8.30 बजे उसके पिता गुरदयाल सिंह अपने मकान के सामने अपनी गाड़ी की सफाई कर रहे थे। सामने राममूर्ति के मकान की पानी की टंकी से गली के अंदर पानी गिर रहा था। गुरदयाल ने राममूर्ति के बेटों को इस बारे में समझाने का प्रयास किया। इसी बात को लेकर राममूर्ति के दोनों बेटे नरेश और विकास उर्फ टिडू ने उसके पिता को जोर से धक्का मारा। इससे उसके पिता सड़क पर जा गिरे, उसके जीजा कुलवंत सिंह ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मृतक के बेटे की शिकायत पर दो लोगों के खिलाफ धारा 304,34 के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस ने मामले में सीसीटीवी फुटेज खंगालकर मामले की जांच में जुट गई हैं। गुरदयाल 1983 में सूबेदार पद से रिटायर हुए थे। इसके बाद एचएयू में सीनियर लैब अटैंडेंट लगे, जहां से 2004 में रिटायर हो गए थे।