हिसार। मार्केटिंग बोर्ड से सेवानिवृत्त ऑडिटर की बाइक फिसलने से मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि एनएचएआई की तरफ से उखाड़ी गई सड़क के कारण हादसा हुआ है। पुलिस ने वीरवार को शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।
तिलक नगर निवासी सोवित ने बताया कि उसके पिता राजेंद्र सबरवाल (63) मार्केटिंग बोर्ड से ऑडिटर पद से सेवानिवृत्त थे। 19 अप्रैल को हांसी में उनकी भतीजी की शादी थी। वे शाम करीब साढ़े 7:30 बजे शादी समारोह से हिसार घर लौट रहे थे। गीता चौक से हिसार की तरफ आने वाले रोड पर उनकी बाइक फिसल गई जिससे वह घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलने पर वह अन्य परिजनों के साथ मौके पर पहुंचा और उन्हें हिसार के एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाया जहां वीरवार अलसुबह उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
नहीं लगा रखा कोई साइन बोर्ड
सोवित के मुताबिक राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने सड़क उखाड़ी हुई है और मौके पर कोई साइन बोर्ड भी नहीं लगा रखा है। एनएचएआई की लापरवाही की वजह से उसके पिता की जान गई है। राजेंद्र सबरवाल लोकजन शक्ति पार्टी के जिलाध्यक्ष के पद पर थे।