हिसार। खाद्य पदार्थों के सैंपल की रिपोर्ट आने तक मिलावटखोर त्योहारों पर भारी मात्रा में नकली और अमानक सामग्री बेच देते हैं जो उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ है। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग द्वारा होली पर लिए गए घी-पनीर के सैंपल की रिपोर्ट अब आई है। इस रिपोर्ट में हांसी क्षेत्र से लिए गए पनीर के कुछ सैंपल असुरक्षित मिले हैं। घी व पनीर के कई सैंपल अमानक पाए गए हैं।
फूड सेफ्टी ऑफिसर, हिसार कविता महतानी ने बताया कि होली के आसपास खाद्य सुरक्षा विभाग ने हांसी व हिसार में कई मिष्ठान भंडारों पर छापा मारकर घी, पनीर व मिठाइयों के सैंपल लिए थे। सैंपल को जांच के लिए लैब में भेजा गया था। जांच में पनीर के कुछ सैंपल असुरक्षित पाए गए हैं। यह पनीर वेजिटेबल या रिफाइंड ऑयल व मिल्क पाउडर मिलाकर बनाया हुआ था जो विक्रेता को सस्ता पड़ता है। घी व पनीर के कुछ सैंपल अमानक मिले हैं। इसका मतलब है कि इनमें कुछ मानक निर्धारित मात्रा से कम या ज्यादा मिले हैं। मिठाइयाें के लिए सैंपल में कोई गड़बड़ी नहीं मिली है।