बरवाला। क्षेत्र के गांव हंस नगर (ढाणी गारण) एरिया में एसटीपी के पास नेशनल हाईवे की मरम्मत के काम के लिए मिक्सर प्लांट लगानेके विराेध में शुक्रवार काे ग्रामीणाें ने गांव के मुख्य मार्ग पर धरना लगाया। ग्राम पंचायत ने भी मामले के संबंध में प्रदेश के सीएम नायब सैनी काे पत्र भेजा है।
पत्र में कहा गया है कि यहां मिक्सर प्लांट लगाए जाने से आसपास के क्षेत्र में प्रदूषण फैलेगा और इसके चलते ग्रामीणाें का जीवन दूभर हाेगा। पिछले सप्ताह भी ग्रामीणाें ने मार्ग पर जाम लगा कर मिक्सर प्लांट लगाए जाने का विराेध प्रदर्शन किया था। ग्रामीणाें ने बताया कि नेशनल हाईवे का रखरखाव करने वाली कंपनी हंस नगर के पास मिक्सर प्लांट लगाए जाने की तैयारी कर रही है। इसके लिए कंपनी ने यहां 7 एकड़ जमीन पिछले दिनाें खरीदी थी। अब इस जमीन पर कंपनी ने ठेकेदार के माध्यम से काम शुरू किया है।
सरपंच प्रतिनिधि राेहतास दुग्गल, जिला पार्षद दर्शनगिरी आदि ने कहा कि गांव के नजदीक मिक्सर प्लांट लगने से इस क्षेत्र में प्रदूषण की समस्या पैदा हाेगी। आसपास के खेताें की फसलाें काे भी भारी नुकसान हाेगा। प्लांट से निकलने वाला धुआं व डस्ट के चलते ग्रामीणाें के स्वास्थ्य पर बुरा प्रभाव पड़ेगा। ग्रामीणाें ने एलान किया है कि यदि कंपनी ने यहां मिक्सर प्लांट लगाने का काम जारी रखा ताे वे बड़ा आंदाेलन करने पर मजबूर हाेंगे।