हांसी। बैंक से निकलवाए 20 हजार रुपये गायब हुए तो बुजुर्ग ने बाइक सवार दो युवकों पर छीनने का आरोप लगा दिया। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने करीब दो घंटे तक पुराना बस स्टैंड बाजार क्षेत्र सहित आसपास लगे कई सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली लेकिन कहीं भी लूट की पुष्टि नहीं हुई। बाद में परिजनों ने लिखित शिकायत देकर बताया कि बुजुर्ग मानसिक रूप से परेशान रहते हैं और संभव है कि रुपये कहीं गिर गए हों या घर पर ही रह गए होंगे।
दरअसल, शहर में कांजी वाड़े की रेहड़ी लगाने वाले बुजुर्ग कर्ण सिंह ने बताया कि वह पंजाब नेशनल बैंक से 20 हजार रुपये निकलवाकर घर जा रहे थे। उनका आरोप है कि इसी दौरान पुराना बस स्टैंड बाजार क्षेत्र में बाइक सवार दो अज्ञात युवक उनके पास पहुंचे और रुपये छीनकर फरार हो गए। बुजुर्ग के अनुसार उन्होंने शोर भी मचाया, लेकिन आरोपी मौके से भागने में कामयाब रहे। उन्होंने बताया कि 21 नवंबर को उनके परिवार में भतीजी की शादी है और उसी शादी की खरीदारी के लिए वह बैंक से रुपये निकलवाकर लाए थे।
सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लोगों से पूछताछ की और सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू की। हालांकि, पुलिस की जांच में कहीं भी इस तरह की वारदात दिखाई नहीं दी। इसके बाद बुजुर्ग के परिजनों ने पुलिस को लिखित शिकायत देकर बताया कि कर्ण सिंह मानसिक रूप से परेशान रहते हैं। संभव है कि रुपये कहीं गिर गए हों या घर पर ही रह गए हों। परिजनों ने यह भी कहा कि वे इस मामले में कोई पुलिस कार्रवाई नहीं करवाना चाहते।
बस स्टैंड चौकी इंचार्ज कविता ने बताया कि बुजुर्ग द्वारा रुपये छीनने की सूचना मिली थी। पुलिस ने बाजार क्षेत्र के सभी संबंधित सीसीटीवी कैमरों की फुटेज व दुकानदारों से बातचीत की। लेकिन कहीं भी छीना-झपटी या लूट की घटना सामने नहीं आई। परिजनों ने लिखित में दिया है कि बुजुर्ग मानसिक रूप से परेशान हैं और संभव है कि रुपये कहीं गिर गए हों या घर पर ही रह गए हों। परिजन अब इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं करवाना चाहते।