हिसार। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में दस मार्च को होने वाले दीक्षांत समारोह के लिए ऑनलाइन पोर्टल का शुभारंभ कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने किया। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों की सुविधा के लिए यह पोर्टल स्थापित किया है। समारोह में भाग लेने वालों को 28 फरवरी तक पंजीकरण करवाना होगा।
पंजीकरण के लिए निर्धारित 200 रुपये फीस ऑनलाइन जमा करवानी होगी। इस पोर्टल के माध्यम से विद्यार्थियों को दीक्षांत समारोह से संबंधित सभी जानकारियां ऑनलाइन प्राप्त होंगी। पंजीकरण प्रक्रिया के दौरान ही वे दीक्षांत समारोह से संबंधित नियमों आदि के बारे में जानकारी प्रात कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि दीक्षांत समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू इस दीक्षांत समारोह की मुख्यातिथि होंगी।
समारोह में कुलाधिपति बंडारू दत्तात्रेय, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी शामिल रहेंगे। दीक्षांत समारोह के लिए 9 मार्च को सुबह 9 बजे रिहर्सल होगी। सभी प्रतिभागियों को रिहर्सल में भाग लेना अनिवार्य है। जो प्रतिभागी रिहर्सल में भाग नहीं लेगा वह 10 मार्च को दीक्षांत समारोह में भाग नहीं ले पाएगा।
यूटीडी के डिग्री व मेडल धारकों को पटका व आई कार्ड संबंधित विभाग से तथा सम्बद्ध महाविद्यालयों के डिग्री व मेडल धारकों को पटका व आई कार्ड परीक्षा विंग से मिलेगा। दूरस्थ शिक्षा के डिग्री व मेडल धारकों को पटका व आई कार्ड सेंटर फॉर डिस्टेंस लर्निंग एंड ऑनलाइन एजुकेशन (सीडीओई) से मिलेंगा। पटका व आई कार्ड के बिना सभागार में प्रवेश नहीं मिलेगा। पोर्टल का लिंक https://web.gjuonline.ac.in/webapp/Convocation.html है।