हांसी हिसार चुंगी पर ब्रेकर बनाते कर्मचारी और निरीक्षण करतीं जेई मोनिका। संवाद
हांसी। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने गीता चौक से नई सब्जी मंडी से दिल्ली रोड तक बनाए गए स्पीड ब्रेकर (गति अवरोधक) को हटाने का काम शुरू कर दिया है। इनकी जगह हिसार एयरपोर्ट की तर्ज पर 12 फीट चौड़े नए स्पीड ब्रेकर बनाए जा रहे हैं। इस पर करीब पांच लाख रुपये की लागत आएगी। इससे न तो हादसा होने का डर रहेगा व न ही वाहनों को नुकसान होगा। यह ब्रेकर तारकोल व पेवर ब्लॉक की मदद से बनाए जा रहे हैं। हिसार चुंगी, जैन मंदिर व राधा स्वामी सत्संग घर के समीप ब्रेकर बनाने का कार्य लगभग पूरा हो गया है।
शहर के अंदर से गुजरने वाले पूरे हाईवे पर करीब 20 स्पीड ब्रेकर थे। इन बेतरतीब ढंग से बने ब्रेकरों से कई बार हादसे हो चुके थे। 6 नवंबर को हिसार रोड पर राधा स्वामी सत्संग भवन के पास बने ब्रेकर से बाइक उछलने के कारण उस पर सवार एक महिला की मौत हो गई थी। इसके अलावा कई हादसों में वाहनों को भी नुकसान हुआ और वाहन चालक घायल भी हुए हैं। इसका कारण यह भी ब्रेकर ऊंचे व खड़े थे। खासतौर पर रात के समय इनसे हादसे हो रहे थे।
:::::::
नए ब्रेकर डायमेंशन (भौतिक आकार) के हिसाब से बनाए जा रहे हैं। इनसे हादसा होने की संभावना कम रहेगी। - उदयवीर झाझड़िया, एक्सईएन, लोकनिर्माण विभाग, हांसी।