अखिल भारतीय बिश्नोई युवा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजू कांवा।
- फोटो : संवाद
राजस्थान के जोधपुर निवासी राजूराम कांवा को अखिल भारतीय बिश्नोई युवा संगठन का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। हिसार में रजिस्टर्ड इस संगठन का नेतृत्व अब राजू कांवा के हाथों में होगा। संगठन के संरक्षक ओलंपियन और अर्जुन अवार्डी कृपाशंकर बिश्नोई हैं, जिन्हें दंगल फिल्म में आमिर खान को कुश्ती सिखाने के लिए जाना जाता है।
सह संयोजक और संरक्षक राजीव गोदारा ने बताया कि छह महीने पहले संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष फतेहाबाद निवासी प्रवीण धारणियां का आकस्मिक निधन हो गया था, जिसके बाद यह पद रिक्त था। निर्णायक मंडल ने सर्वसम्मति से राजू कांवा को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया है। संगठन का गठन 2002 में पर्यावरण संरक्षण, वन्य जीव सुरक्षा और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया गया था।राष्ट्रीय प्रवक्ता रामनिवास बैनीवाल ने कहा कि राजू कांवा पूर्व अध्यक्ष प्रवीण धारणियां के विचारों को आगे बढ़ाते हुए समाज से कुरीतियों को दूर करने, नशामुक्त भारत के लक्ष्य को साकार करने और उच्च शिक्षा, रोजगार व खेलकूद जैसे क्षेत्रों में युवाओं को प्रोत्साहित करेंगे।
राष्ट्रीय कार्यकारिणी का गठन जल्द
नवनियुक्त अध्यक्ष राजू कांवा ने कहा कि संरक्षक मंडल के मार्गदर्शन में सबसे पहले राष्ट्रीय कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा। इसके बाद राज्यों की कार्यकारिणी पर भी विचार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय कार्यकारिणी में खेल और शिक्षा जैसे क्षेत्रों के लिए अलग-अलग प्रकल्प प्रभारी नियुक्त किए जाएंगे। साथ ही, पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रख्यात बलिदानी माता अमृता देवी बिश्नोई के नाम से एक प्रकोष्ठ बनाया जाएगा, जिसमें महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
बिश्नोई समुदाय की प्रतिबद्धता
संगठन के संरक्षक कृपाशंकर बिश्नोई ने कहा कि बिश्नोई समुदाय नशामुक्त और शुद्ध खानपान वाला समाज है, जिसके कारण इसके युवा खेल जगत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हैं। संरक्षक मंडल के सर्वोसर्व आचार्य सुदेवानंद जी ज्योतिषाचार्य जाजीवाल साथरी ने बताया कि बिश्नोई समाज गुरु जम्भेश्वर भगवान के 29 नियमों का पालन करता है और पर्यावरण व वन्य जीव संरक्षण के लिए अपनी जान न्योछावर करने को तैयार रहता है। संरक्षक सत्येन्द्र साहू ने कहा कि समाज के युवा देशभर में उच्च शिक्षा प्राप्त कर विभिन्न क्षेत्रों में सरकारी सेवाओं में योगदान दे रहे हैं।
राजू कांवा का सफर
- 2002 में अखिल भारतीय बिश्नोई युवा संगठन से जुड़े।
- पहले राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य, फिर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रहे।
- जोधपुर के खेजड़ली गांव पीथावास के निवासी।
- जय नारायण व्यास विश्वविद्यालय, जोधपुर से एमए (इतिहास) की पढ़ाई।
- 2009 में CISF (सीपीओ) में सब इंस्पेक्टर के रूप में शामिल हुए।
- 2009 से 2017 तक सब इंस्पेक्टर के रूप में सेवा दी।
- 2018 और 2021 में यूजीसी नेट (इतिहास) में दो बार क्वालीफाई किया।