न्यू राजगुरु मार्केट तथा बिश्नोई मंदिर मार्केट ने भी राजगुरु मार्केट के मॉडल पर पार्किंग चलाने की अनुमति मांगी है। एसोसिएशन ने अल्टीमेटम देते हुए कहा कि एक सप्ताह में हमें अनुमति नहीं मिली तो हम पार्किंग व्यवस्था को अपने हाल पर छोड़ देंगे।
राजगुरु मार्केट में शनिवार से राजगुरु मार्केट वेलफेयर एसोसिएशन ने पार्किंग व्यवस्था को शुरू कर दिया। इसमें कार मालिकों से पार्किंग शुल्क वसूला गया। पार्किंग का पहला दिन होने के कारण कर्मचारी कम थे। इस कारण कुछ दिक्कतें भी आईं। गाड़ियों की संख्या अधिक होने के कारण कार आडे़ तिरछे ढंग से खड़ी कर दी गई। मार्केट में अतिक्रमण अधिक होने के कारण पैदल चलने वालों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। न्यू राजगुरु मार्केट तथा बिश्नोई मंदिर मार्केट ने भी राजगुरु मार्केट के मॉडल पर पार्किंग चलाने की अनुमति मांगी है। एसोसिएशन के प्रधान राजेंद्र चुुटानी ने कहा कि हमारे साथ यह सौतेला व्यवहार क्यों किया जा रहा है। पिछले चार महीने से हम अपनी जेब से पैसे देकर पार्किंग व्यवस्था चलाए हुए हैं। राजगुरु मार्केट को जिस तरह से पार्किंग की व्यवस्था दी गई है उसी तरह हमें दी जाए। राजगुरु मार्केट में पर्ची शुरू किए जाने के बाद यहां पर्ची नहीं होगी तो बड़ी संख्या में कार चालक अपनी गाड़ी इस एरिया में खड़ी करके चले जाते हैं। जिस कारण यहां दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। अगर एक सप्ताह में हमें अनुमति नहीं दी गई तो हम पार्किंग व्यवस्था को छोड़ देंगे। एक साल पुराने तरीके पर अपनी गाड़ियों को उसी ढंग से खड़ा करना शुरू कर देंगे।
अतिक्रमण से हाल खराब हुए
त्यौहारी सीजन शुरू होते ही राजगुरु मार्केट, पूजा मार्केट, तेलियान पुल, बिश्नोई मार्केट, गोल मार्केट, नगोरी गेट सहित अन्य मार्केट एरिया में अतिक्रमण सड़कों तक आ गया है। दुकानों के बाहर कई कई फीट आगे तक सामान रख लिया गया है, जिससे बाजार में पैदल चलने वालों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मार्केट में रेहड़ी चालक भी दोबारा से सक्रिय हो गए हैं।