हिसार। रेलवे स्टेशन पर बुधवार को नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे के जीएम अमिताभ निरीक्षण करने पहुंचे। दोपहर ढाई बजे जीएम की स्पेशल ट्रेन प्लेटफार्म छह पर रुकी। सबसे पहले जीएम अमिताभ ने लॉबी में निरीक्षण किया। यहां लोको पायलट के कार्य से संतुष्ट नहीं दिखे। उन्होंने लोको पायलट के बारे में अधिकारियों को आदेश दिए कि सभी लोको पायलट की काउंसिलिंग कराई जाए। लोको पायलट को ठीक ढंग से काम करने की जरूरत है। लोको पायलट इंजन पर प्वाइंट मेन्स को बिल्कुल भी न बैठाएं। उन्होंने अधिकारियों से मॉनिटिरिंग करने की बात कही है। निरीक्षण के दौरान भी यात्री जोखिम उठाकर ट्रैक से गुजरते नजर आए।
विज्ञापन
बता दें, रेलवे स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत काम किया जा रहा है। इसके तहत स्टेशन पर 21 करोड़ रुपये से यात्रियों की सुविधाएं बढ़ाई जाएगी। जीएम अमिताभ ने स्टेशन पर चल रहे कार्यों की समीक्षा की और गेस्ट हाउस में स्थानीय अधिकारियों के साथ बैठक की। जीएम अमिताभ प्लेटफार्म नंबर-1 पर पहुंचे और पार्किंग का निरीक्षण किया। इस दौरान डीआरएम आशीष कुमार, एसएस निहाल सिंह, यातायात निरीक्षक शशिप्रकाश, सिरसा से यातायात निरीक्षक अजय गौतम, सीनियर सेक्शन इंजीनियरिंग अविनाश चोपड़ा मौजूद रहे।
लोको पायलट की मांगी डिटेल
लॉबी में निरीक्षण के दौरान जीएम अमिताभ ने लोको पायलट की डिटेल मांगी। उन्होंने पूछा कि पैसेंजर और गुड्स ट्रेन पर कितने लोको पायलट हैं। कितनी पोस्ट खाली हैं। लॉबी में निरीक्षण के दौरान जीएम ने काउंसिलिंग रूम का भी निरीक्षण किया। यहां एलईडी पर चल रही वीडियो क्लिप देखी। वीडियों में दिखाया जा रहा था कि बॉगी से इंजन जोड़ते समय किन-किन बाताें का ध्यान रखना चाहिए।
विज्ञापन
स्टेशन पर नही दिखी पूड़ी-सब्जी की रेहड़ियां
रेलवे स्टेशन पर कैंटीन के अलावा पूड़ी-सब्जी की रेहड़ियां लगती हैं। जीएम के निरीक्षण के दौरान प्लेटफार्म पर एक भी रेहड़ी नजर नहीं आई। कई कैंटीन बंद दिखाई दी। वहीं, कैंटीन पर काम करने वाले वर्करों ने ड्रेस पहनी हुई थी। शौचालय से लेकर प्लेटफार्म पर अन्य दिनों के मुकाबले सफाई बेहतर नजर आई। बार-बार प्लेटफार्म पर पोचा लगाया जा रहा था।