हिसार। दयानंद महाविद्यालय में 2020-2023 सत्र में बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन (बीएमसी) की टॉपर रही छात्रा राधिका को अमर उजाला फाउंडेशन की तरफ से अतुल माहेश्वरी स्मृति स्वर्ण पदक प्रदान किया गया। महाविद्यालय के हॉल में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि गुरु जंभेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के चेयरपर्सन मिहिर रंजन पात्र ने राधिका को यह स्वर्ण पदक भेंट किया। इस मौके पर कॉलेज के प्राचार्य डॉ. विक्रमजीत सिंह और महाविद्यालय के जनसंचार विभाग के अध्यक्ष मंजीत सिंह भी उपस्थित रहे।
अमर उजाला फाउंडेशन और महाविद्यालय के बीच हुए एमओयू के तहत हर साल बीएमसी के टाॅपर विद्यार्थी को छात्रवृति दी जाएगी। इसके तहत 2020-2023 शैक्षणिक सत्र की टॉपर राधिका को पहली छात्रवृत्ति मिली है। राधिका ने 78 प्रतिशत अंक हासिल कर यह सम्मान पाया है। इस मौके पर राधिका ने कहा कि यह छात्रवृत्ति मुझे आगे बढ़ने के लिए प्ररेति करेगी। दयानंद महाविद्यालय के जनसंचार विभाग के अध्यक्ष मंजीत सिंह ने कहा कि हरियाणा में अमर उजाला के साथ अतुल माहेश्वरी स्मृति स्वर्ण पदक को लेकर एमओयू करने वाला दयानंद महाविद्यालय सबसे पहला कालेज है। यह छात्रवृत्ति युवाओं को प्रेरणा देने का काम करेगी। उनके कॅरियर में आगे बढ़ने के लिए सहयोग करेगी। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विक्रमजीत ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कि पत्रकार हर समय घटना स्थल पर उपस्थित रहते हैं। लोगों के मुद्दों को उठाते हैं और लोगों तक संदेश पहुंचाते हैं।
समय प्रबंधन वाले ही होंगे सफल
एक सफल संचारक को सबसे पहले समय प्रबंधन और मुद्दों के बारे में पता होना चाहिए। सुबह 5 बजे तक तैयार होने वाले को दिन भर नया सोचने के लिए समय उपलब्ध रहता है। सबसे पहले समय प्रबंधन सीखें। लेखक खुशवंत सिंह ने सफल संचारक बनने के लिए खूब पढ़ने, खूब लिखने और ध्यान से सुनने का मंत्र बताया था। इसका ध्यान रखें।
एमआर पात्र, चेयरपर्सन, पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग, जीजेयू हिसार