हिसार। अग्रोहा मेडिकल कॉलेज के आइसोलेशन वार्ड में ड्यूटी देने वाले स्टाफ के दो डॉक्टरों सहित 16 सदस्यों ने क्वारंटीन पीरियड के दौरान खराब खाना देने का आरोप लगाते हुए डीसी से शिकायत की है। उनका आरोप है कि खाने के साथ-साथ पानी भी पीने लायक नहीं है और जहां क्वारंटीन किया गया है, वहां की साफ-सफाई भी ठीक नहीं है।
डॉ. प्रतीक टंडन और डॉ. प्रिया पुनयानी के अलावा स्टाफ नर्स प्रिया, नीतू, पूजा, सुनीता और हरबीर, वार्ड ब्वाय नरेश, रोशन, राजेंद्र, सुखवीर व हनुमान तथा स्वीपर जोनी, हसीन, अशोक व सुंदर अग्रोहा मेडिकल कॉलेज के आइसोलेशन वार्ड में तैनात थे। सात दिन की ड्यूटी के बाद इन सभी को अग्रविभूति धाम में क्वारंटीन किया गया। दो दिन पहले डीसी को दी लिखित शिकायत में स्टाफ सदस्यों ने आरोप लगाया कि उन्हें अस्वास्थ्यकर खाना दिया जा रहा है। चपाती कच्ची-पक्की होती हैं और पीने का पानी साफ नहीं है। उन्हें बाहर से खाना खाने की इजाजत नहीं है। लिखित शिकायत में सभी 16 सदस्यों ने हस्ताक्षर किए हैं और उनकी समस्या का समाधान करने की गुहार डीसी से लगाई है।
सीधे सवाल- डायरेक्टर के जवाब
(- डॉ. गोपाल सिंघल, डायरेक्टर, मेडिकल कॉलेज अग्रोहा)
सवाल - आपका आइसोलेशन वार्ड में ड्यूटी देने वाले स्टाफ ने डीसी को खाने की शिकायत दी है?
जवाब - नहीं ऐसी कोई बात नहीं है।
सवाल - डीसी से बात हुई तो उन्होंने कहा है कि डायरेक्टर को बोल दिया है?
जवाब - नहीं ऐसी कोई शिकायत नहीं हुई।
सवाल - ये सभी कहां क्वारंटीन हैं?
जवाब - अग्रभूति धाम में क्वारंटीन किया है।
सवाल - यहां 16 सदस्य हैं और सभी ने हस्ताक्षरयुक्त लिखित शिकायत डीसी को की है?
जवाब - ऐसी कोई समस्या नहीं है। मैं आज सुबह ही जाकर आया हूं।
सवाल - दो दिन पहले की समस्या की शिकायत है?
जवाब - हां वो तो एक रात को खाना देर से आया था, बस और कुछ समस्या नहीं है।
मेरे पास शिकायत आई थी। चूंकि अग्रोहा मेडिकल कॉलेज कोविड-19 अस्पताल घोषित है और वह एक इंडीपेंडेंट बॉडी है। इसलिए कॉलेज के डायरेक्टर को समस्या के समाधान बारे कहा है। साथ ही यह भी कहा है कि यदि फंड की कोई कमी है तो जिला प्रशासन उसे वहन करने को तैयार है। - डॉ. प्रियंका सोनी, उपायुक्त, हिसार।