नारनौंद। नारनौंद में नगरपालिका कर्मचारी संघ के सदस्यों ने सोमवार को नगर पालिका के प्रांगण में विरोध प्रदर्शन किया। एसडीएम कार्यालय की अधीक्षक मंजू को ज्ञापन सौंपते हुए संघ ने दोषियों की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की।
कर्मचारी नेता रमेश ने रोहतक स्थित महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय में दो महिला सफाई कर्मचारियों के साथ की गई अमानवीय हरकत की कड़ी निंदा की। बैठक की अध्यक्षता करते हुए इकाई प्रधान मंशा राम ने कहा कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा दी जानी चाहिए। ज्ञापन में बताया गया कि 25 से 27 अक्तूबर तक विश्वविद्यालय में राज्यपाल का तीन दिवसीय कार्यक्रम था, जिसके कारण सभी सफाई कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई थीं। इस दौरान दो महिला कर्मचारियों ने मासिक धर्म के कारण पूरी क्षमता से कार्य न कर पाने की बात बताई।
कर्मचारी संघ के अनुसार, सुपरवाइजर ने दोनों महिलाओं का मजाक उड़ाया और कथित रूप से उनके कपड़े उतरवाकर सेनेट्री पैड की जांच करवाई, साथ ही उसकी फोटो भी ली। जब पीड़ित महिलाएं शिकायत करने रजिस्ट्रार के पास गईं, तो उन्हें धक्के देकर बाहर निकाल दिया गया।इस मौके पर धर्मवीर, कुलदीप, सुंदर, बलराम, टीनू, कमलेश, विधा, विनोद, सोमबीर मौजूद रहे।