बालसमंद में पंचायत करते हरियाणा किसान मंच के सदस्य।
बालसमंद। हरियाणा किसान मंच ने भाखड़ा नहर से जींद और हांसी क्षेत्र में कथित अवैध पंचर के जरिए पानी देने का विरोध तेज कर दिया है। इस मुद्दे पर आयोजित महापंचायत में बड़ा आंदोलन शुरू करने का एलान किया गया। किसानों के जल अधिकारों की रक्षा के लिए 15 सदस्यीय समिति गठित की गई जो भाखड़ा नहर कमांड एरिया के प्रत्येक गांव में पंचायत कर किसानों को जागरूक करेगी और आंदोलन से जोड़ेगी।
महापंचायत की अध्यक्षता पूर्व सरपंच रमेश (बुड़ाक), रोशन शर्मा डोभी, रेणु चहल और पूर्व सरपंच राजेश कसवां ने संयुक्त रूप से की। हरियाणा किसान मंच के प्रदेश अध्यक्ष रमेश बैनीवाल ने कहा कि भाखड़ा कमांड एरिया के किसानों के पानी के अधिकारों से कोई समझौता नहीं होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि गैरकानूनी तरीके से पंचर कर यमुना कैनाल कमांड एरिया में पानी पहुंचाया जा रहा है, जिससे भाखड़ा क्षेत्र के किसानों का हिस्सा प्रभावित हो रहा है।
महापंचायत में आठ गांवों के किसानों ने भाग लिया। निर्णय लिया गया कि गांव-गांव जनसंपर्क अभियान चलाकर किसानों को संगठित किया जाएगा। वक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि अवैध व्यवस्था बंद नहीं हुई तो आंदोलन को व्यापक रूप दिया जाएगा। इस दौरान मास्टर दलपत सिंह, राजपाल धायल, प्रताप साहरण, मास्टर भीम सिंह लौरा, मानसिंह कसवां, सुल्तान पूनिया, लीलाधर बैनीवाल और पृथ्वी धायल सहित अन्य मौजूद रहे।