हिसार। प्रदेश सरकार के मिशन बुनियाद और सुपर-100 कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों की वैज्ञानिक सोच और प्रतिस्पर्धी क्षमता बढ़ाने के लिए जिले में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। नोडल अधिकारी स्कूलों में पहुंचकर विद्यार्थियों व अभिभावकों को दोनों योजनाओं के लाभ, चयन प्रक्रिया और भविष्य की संभावनाओं के बारे में जानकारी देंगे। यह शिविर 29 नवंबर तक जिले के सभी 9 खंडों में आयोजित किए जा रहे हैं।
इन कार्यक्रमों में आठवीं और 10वीं कक्षा के टॉप-3 विद्यार्थी अपने अभिभावकों सहित भाग लेंगे। प्रत्येक विद्यालय से एक टीजीटी शिक्षक की उपस्थिति अनिवार्य की गई है। जिला शिक्षा अधिकारी वेद सिंह दहिया ने खंड शिक्षा अधिकारियों सहित सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए हैं।
बुनियाद कार्यक्रम स्कूल शिक्षा विभाग और हरियाणा सरकार की ओर से विकल्प फाउंडेशन के माध्यम से चलाया जा रहा है जिसका उद्देश्य सरकारी स्कूलों के मेधावी विद्यार्थियों को सक्षम बनाना है। यह उन छात्रों के लिए है जिन्होंने आठवीं कैथल के सरकारी स्कूल से और 10वीं राजकीय विद्यालय से पास की हो। डीईओ ने बताया कि सेमिनारों की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
सेमिनारों में पंजीकरण और परीक्षाओं की जानकारी
जिला विज्ञान विशेषज्ञ और मिशन बुनियाद टीम विद्यार्थियों को पंजीकरण प्रक्रिया, परीक्षा तिथियों और योजना के नियमों की विस्तार से जानकारी दे रहे हैं। मिशन बुनियाद के लिए ऑनलाइन पंजीकरण शुरू है, अंतिम तिथि 16 दिसंबर, परीक्षा 24 दिसंबर को होगी। हरियाणा सुपर-100 के लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि 9 फरवरी, परीक्षा 11 फरवरी को निर्धारित की गई है। दोनों योजनाओं में वही विद्यार्थी शामिल होंगे जिनके 60 फीसदी या उससे अधिक अंक हैं। सुपर-100 के तहत अब तक 100 से अधिक विद्यार्थी आईआईटी में प्रवेश पा चुके हैं। मिशन बुनियाद का रेजिडेंशियल प्रोग्राम हिसार व कुरुक्षेत्र में शुरू हो चुका है।
मिशन बुनियाद : प्रमुख तिथियां
पंजीकरण शुरू : 13 नवंबर 2025
स्कूल लेवल कैंपेन : 13 नवंबर
खंड स्तर कैंपेन : 18 नवंबर
अंतिम पंजीकरण : 16 दिसंबर
प्रथम चरण परीक्षा : 24 दिसंबर
परिणाम : 20 जनवरी 2026
द्वितीय चरण परीक्षा : 30 जनवरी
द्वितीय चरण परिणाम : 25 फरवरी
तृतीय चरण परीक्षा व ओरिएंटेशन : 3 अप्रैल
अंतिम परिणाम : 5 मई
काउंसिलिंग व दाखिला : 7 मई
कक्षाएं शुरू : 15 मई