हिसार। गुरु जांभेश्वर विश्वविद्यालय में आयोजित तीन दिवसीय इंटर कॉलेज वार्षिक खेल प्रतियोगिता शुक्रवार को संपन्न हुई। विश्वविद्यालय के महाराणा प्रताप स्टेडियम में हुए समापन समारोह में मुख्यातिथि के रूप में भारतीय ओलंपिक संघ के सदस्य एवं हरियाणा एथलेटिक्स के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एचएस भादू पहुंचे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता कुलपति प्रो. नरसीराम बिश्नोई ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में कुलसचिव डा. विजय कुमार मौजूद रहे। प्रतियोगिता में पुरुष और महिला दोनों वर्गों में सीआरएम जाट कॉलेज चैंपियन बना, जबकि राजकीय महाविद्यालय रनरअप रहा।
पुरुष वर्ग में बेस्ट एथलीट सीआरएम जाट कॉलेज के सुनील कुमार और महिला वर्ग में कोमल रहीं। तीसरे दिन हुई 5 हजार मीटर महिला दौड़ में एसडी महिला महाविद्यालय हांसी की अंजू प्रथम, एफसी महाविद्यालय की सरोज द्वितीय और मीनाक्षी तृतीय रहीं। पुरुष वर्ग में सीआरएम जाट कॉलेज के सुमित, रोहित और विकास क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय रहे। 4 गुना 400 मीटर रिले रेस में पुरुष व महिला दोनों वर्गों में सीआरएम जाट कॉलेज प्रथम और राजकीय महाविद्यालय द्वितीय रहा।
हेमर थ्रो में सोनिका अव्वल
महिला वर्ग में एसडी महाविद्यालय हांसी की सोनिका ने हेमर थ्रो में पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि भावना एवं सोनिया क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहीं। पुरुष वर्ग में जाट महाविद्यालय के तनिष्क ने बाजी मारी। यूटीडी के विवेक दूसरे और राजकीय महाविद्यालय के राजगोवर्धन सिंह तीसरे स्थान पर रहे। 200 मीटर दौड़ में महिला वर्ग में जाट महाविद्यालय की ईशा प्रथम, चेतना द्वितीय और एसडी महिला महाविद्यालय की नीशु तृतीय रहीं। पुरुष वर्ग में जाट महाविद्यालय के राहुल प्रथम, सुनील कुमार द्वितीय और हिमांशु तृतीय रहे। तीहरी कूद में महिला वर्ग में सीआरएम जाट महाविद्यालय की तमन्ना प्रथम, कोमल द्वितीय और डिम्पल तृतीय रहीं। पुरुष वर्ग में सीआरएम जाट महाविद्यालय के जतिन प्रथम, राजकीय महाविद्यालय के विक्रम द्वितीय और डीएन कॉलेज के संदीप तृतीय रहे।
शिक्षक–गैर शिक्षक कर्मचारियों के बीच रोमांचक क्रिकेट मैच
समापन कार्यक्रम से पहले विश्वविद्यालय के शिक्षक और गैर शिक्षक कर्मचारियों के बीच क्रिकेट मैच खेला गया, जिसमें गैर शिक्षक कर्मचारियों की टीम ने 6 रनों से जीत दर्ज की। उन्होंने 15 ओवर में 6 विकेट पर 139 रन बनाए, जबकि शिक्षकों की टीम 6 विकेट पर 133 रन ही बना सकी। मौके पर डीन स्पोर्ट्स प्रो. आशीष अग्रवाल, खेल निदेशक एसबी लूथरा, सहायक खेल निदेशक गंगादत्त भादू, कोच ओपी भादू आदि उपस्थित रहे। मंच संचालन रामनिवास शर्मा ने किया।
सफलता रातों-रात नहीं मिलती : एचएस भादू
एचएस भादू ने कहा कि सफलता रातों-रात नहीं मिलती है। विद्यार्थी चाहे कोई भी क्षेत्र चुनें, मन लगाकर मेहनत करें। सफलता कठिन परिश्रम और धैर्य से मिलती है। एथलीट बनना आसान नहीं, निरंतर संघर्ष से ही उपलब्धियां मिलती हैं।
खेल अनुशासन, टीमवर्क और समय प्रबंधन का मिश्रण : वीसी
कुलपति प्रो. नरसीराम बिश्नोई ने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं प्रतिभागियों में अनुशासन, टीमवर्क और समय प्रबंधन विकसित करती हैं। किसी भी स्पर्धा में भाग लेना इस बात का संकेत है कि प्रतिभागी में कुछ कर दिखाने का जुनून है। कुलसचिव डाॅ. विजय कुमार ने कहा कि मेहनत, प्रयास और अनुशासन व्यक्ति में देशप्रेम की भावना को जागृत करते हैं।