पटेल नगर में पानी की समस्या का समाधान न होने पर गली नंबर-3 में प्रदर्शन करते लोग।
हिसार। पटेल नगर में अभी तक दूषित पानी की समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। पिछले काफी दिनों से सुबह-शाम की सप्लाई में बदबूदार पानी आ रहा है। रविवार को पटेल नगर की गली नंबर तीन में लोगों ने प्रदर्शन किया। इस दौरान लोगों ने कहा कि बार-बार शिकायत के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। ऐसे में कब तक सप्लाई में आ रहा दूषित पानी पीते रहेंगे।
समस्या को लेकर लोगों ने शनिवार शाम को मेयर गौतम सरदाना से बातचीत की। इस दौरान मेयर ने कहा कि वह सोमवार को जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ पटेल नगर का मुआयना करेंगे और समस्या का समाधान करवाएंगे।
स्थानीय निवासी रवि कुमार, मनोज कुमार, सुनील कुमार, अमित महता, पप्पी ठकराल, जगदीश कुमार आदि का कहना है की दूषित पानी की समस्या दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। आज तक अधिकारी फाल्ट नहीं ढूंढ पाए हैं। वहीं, वार्ड-17 के पार्षद डॉ. महेंद्र जुनेजा का कहना है कि जनस्वास्थ्य विभाग की ओर से पाइप लाइन चेक करने के लिए जगह-जगह गड्ढ़े खोद दिए हैं। मगर अभी तक समस्या हल नहीं हो पाई है। पार्षद डॉ. महेंद्र जुनेजा ने कहा कि रविवार शाम को सप्लाई में मेरे घर भी काला पानी आया है।
उधर, जनस्वास्थ्य विभाग के जेई निशांत का कहना है कि बिजली कट के कारण शाम को सवा छह बजे तक सप्लाई नहीं हुई तो दूषित पानी कैसे पहुंच सकता है।