हिसार। डाबड़ा चौक पुल के पास निजी अस्पताल में उपचाराधीन बरवाला के राय सिंह की शुक्रवार दोपहर बाद उपचार के दौरान मौत हो गई थी। परिजनों ने डॉक्टर पर उपचार में लापरवाही बरतने का आरोप लगाकर जमकर हंगामा किया था। उन्होंने डॉक्टर पर कार्रवाई होने तक शव लेने से इनकार किया था। परिजनों के तेवर दूसरे दिन शनिवार को कुछ नरम हुए और बयान दर्ज कराए। पुलिस ने बाद में मोर्चरी में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंपा। परिजनों ने शाम को बरवाला में मृतक का अंतिम संस्कार किया। कैथल निवासी रवि ने शनिवार को बताया कि पुलिस ने हमें आश्वास दिया कि मामले की सच्चाई जानने के लिए गहराई से जांच की जाएगी। अर्बन एस्टेट चौकी प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि मृतक के परिजनों के बयान दर्ज कर पोस्टमार्टम करवाकर शव उनको सौंप दिया। मामले की जांच की जा रही है।
शेखपुरा में आपसी रंजिश में व्यक्ति पर चाकू से हमला, घायल
हांसी। शेखपुरा में आपसी रंजिश में एक व्यक्ति पर उसके परिचित दंपती और बेटे ने चाकू से हमला कर दिया। जिसमें व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस को दी शिकायत में शेखपुरा निवासी नरेश उर्फ नरसी गुर्जर ने बताया कि वह खेतीबाड़ी का काम करते हैं।
शुक्रवार रात करीब साढ़े दस बजे वह गांव के जलघर से अपने घर आ रहा था। इस दौरान रास्ते में जोगिंद्र उर्फ मोपी व उसके एक साथी ने उस पर चाकू से वार कर दिया। जिससे वह घायल हो गया। रास्ते में जोगिंद्र की पत्नी व उसके बेटे ने भी उसके साथ मारपीट की। जिसके बाद उसके परिजन उपचार के लिए उसे नागरिक अस्पताल में लेकर आए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जोगिंद्र, उसकी पत्नी व बेटे के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।