हिसार। हरियाणा उच्च शिक्षा निदेशालय पंचकूला ने सभी विश्वविद्यालयों, कॉलेजों और शिक्षण संस्थानों को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि अनुसूचित जाति (एससी) और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के विद्यार्थियों के लिए पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना का ऑनबोर्डिंग अब राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल (एनएसपी) पर किया जाएगा।
निदेशालय के अनुसार, सामाजिक न्याय, अधिकारिता एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग और भारत सरकार ने संयुक्त रूप से निर्णय लिया है कि शैक्षणिक सत्र 2025–26 से इन योजनाओं की पूरी प्रक्रिया हर छात्रवृत्ति पोर्टल की बजाय केवल एनएसपी पर ही संचालित की जाएगी। इस निर्णय के बाद हर छात्रवृत्ति पोर्टल को एससी/ओबीसी योजनाओं के लिए बंद किया जा रहा है।
सरकार जल्द ही विद्यार्थियों के पंजीकरण से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश जारी करेगी। संयुक्त निदेशक (छात्रवृत्ति), उच्च शिक्षा निदेशालय, पंचकूला ने सभी शिक्षण संस्थानों से आग्रह किया है कि वे इस जानकारी को विद्यार्थियों तक समय पर पहुंचाएं, ताकि कोई भी पात्र छात्र छात्रवृत्ति के लाभ से वंचित न रह जाए।