हिसार। गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय में बुधवार को स्वरोजगार मेला आयोजित किया गया, जिसमें स्वदेशी जागरण मंच का सहयोग रहा। मेले में 73 प्रतिभागियों ने 32 स्टॉल लगाकर अपने उत्पाद प्रदर्शित किए।
मेले का शुभारंभ जिला उच्चतर शिक्षा अधिकारी डॉ. कमलेश दूहन, स्वावलंबी भारत अभियान हरियाणा के समन्वयक प्रो. वेद प्रकाश लुहाच और महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. विवेक कुमार सैनी ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया।
डॉ. दूहन ने विद्यार्थियों को स्वरोजगार अपनाने के लिए प्रेरित किया और स्टॉलों का अवलोकन किया। प्राचार्य डॉ. सैनी ने कहा कि कॉलेज के प्लेसमेंट प्रकोष्ठ की ओर से आयोजित यह मेला विद्यार्थियों को स्वरोजगार और स्टार्टअप के अवसरों के लिए प्रोत्साहित करेगा।
प्लेसमेंट प्रकोष्ठ के समन्वयक डॉ. सतीश वर्मा ने बताया कि इस मेले का उद्देश्य विद्यार्थियों को नवाचार, बिजनेस आइडिया और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का मंच देना है। मेले में विद्यार्थियों ने स्वयं निर्मित या घर पर तैयार उत्पाद जैसे पेंटिंग, कलाकृतियां, सौंदर्य प्रसाधन, खाद्य पदार्थ और हस्तनिर्मित खिलौने प्रदर्शित किए।
एमए संस्कृत की छात्रा नेहा के मखमल के खिलौनों का स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहा। विद्यार्थियों मेधांश, ऋषभ और गर्वित चावला ने भेलपुरी व सैंडविच की स्टॉल लगाई, जबकि अनिल कुमार और उमा वर्मा के राजस्थानी पापड़ और भुजिया को लोगों ने खूब सराहा।
समापन सत्र में मुख्य अतिथि हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बीआर कांबोज और मुख्य वक्ता डॉ. वेद प्रकाश लुहाच का स्वागत प्राचार्य ने किया। डॉ. लुहाच ने कहा कि स्वदेशी, विकेंद्रीकरण, उद्यमिता और सहकारिता को अपनाकर युवा देश को आत्मनिर्भर बना सकते हैं। प्रो. कांबोज ने युवाओं को समर्थ, व्यावहारिक और स्वावलंबी बनने का आह्वान किया।