हिसार। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने जिले में बुधवार को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। आईएमडी ने इस बारे में जिला प्रशासन को भी सूचित कर दिया है। इसे देखते जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को बाढ़ की रोकथाम व पानी की निकासी के पुख्ता प्रबंध करने के आदेश दिए हैं। उधर, अभी तक शहर के बरसाती नालों की सफाई का काम भी पूरा नहीं हो पाया है।
जनस्वास्थ्य विभाग के अधीन आने वाले बरवाला बाईपास से भैंस फार्म तक बने बरसाती नाले की 40 प्रतिशत सफाई होनी अभी तक बाकी है। वहीं नगर निगम के अधीन आने वाले भी कई नालों की सफाई नहीं हुई है। भारी बारिश की संभावना को देखते हुए जनस्वास्थ्य विभाग ने अपने कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। अधिकारियों की मानें तो उनके पास करीब 100 कर्मचारी हैं। यदि बारिश के दौरान अतिरिक्त कर्मचारियों की जरूरत पड़ी तो उसी समय लिए जाएंगे। बता दें कि जिले में आमतौर पर 1 जुलाई से मानसून का प्रवेश होता है। इसे मद्देनजर रखते हुए संबंधित विभाग अपने-अपने अधीन आने वाले बरसाती नालों की सफाई का काम करवाते हैं। चूंकि जिले में मानसून आ चुका है, लेकिन अभी तक बरसाती नालों की सफाई का काम पूरा नहीं हो सका है।
वहीं आईएमडी ने जिले में भारी बारिश की संभावना व्यक्त की है। ऐसे में अगर यह संभावना स्टीक बैठती है तो लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। वर्ष 1993 में 22 जुलाई को शहर में 256 एमएम बारिश दर्ज की गई थी।
इन नालों की अभी तक नहीं हुई सफाई
जनस्वास्थ्य विभाग
बरवाला बाईपास से भैंस फार्म
सिरसा रोड से बरवाला रोड
सेक्टर 14 गेट नंबर एक से ऋषि नगर
ऑटो मार्केट रोड
सेक्टर 14 गेट नंबर 2
पुरानी सब्जी मंडी पार्क के पास
नगर निगम
आधार अस्पताल से एसटीपी तक
सेक्टर 16-17
बीएंडआर
आजाद नगर
राजगढ़ रोड
कैमरी रोड
मिल गेट रोड जिंदल पार्क के साथ
नगर सुधार मंडल
ऑटो मार्केट के अंदर
सैनियान मोहल्ला में हरि सिंह सैनी की कोठी के पास
इन इलाकों में जलभराव की समस्या
दिल्ली रोड, बड़वाली ढाणी, शांति नगर, सैनियान मोहल्ला, डोगरान मोहल्ला, रामपुरा मोहल्ला, कृष्णा नगर, पटेल नगर, कुंजलाल गार्डन, महाबीर कॉलोनी, लाहौरिया चौक के पास, मिलगेट, महता नगर, विजय नगर, शास्त्री नगर, जयदेव नगर, बैंक, अर्बन एस्टेट टू, मॉडल टाउन, बैंक कॉलोनी, आजाद नगर, कैमरी रोड, सातरोड़।
निगम प्रशासन सभी वार्डों में सफाई दरोगा करेगा तैनात
वहीं निगम प्रशासन की मानें तो जलनिकासी को लेकर सभी वार्डों में सफाई दरोगाओं की ड्यूटी लगाई जाएगी। प्रत्येक सफाई दरोगा के अंडर सात से आठ सफाई कर्मचारी तैनात किए जाएंगे। ये कर्मचारी जीटी खोलने के लिए लगाए जाएंगे। वर्तमान में निगम के 20 वार्डों में करीब 23 सफाई दरोगा तैनात है।
बारिश को देखते हुए हमारी ओर से तैयारी पूरी है। बरवाला बाईपास से लेकर भैंस फार्म तक साढ़े छह किलोमीटर लंबी ड्रेन की सफाई का काम बचा हुआ है, जिसे दो से तीन में पूरा करवा दिया जाएगा।
- जसबीर सिंह, एसडीओ, जनस्वास्थ्य विभाग
लगभग सभी नालों की सफाई करवा दी गई है। संभावित आपदा को लेकर हम पूरी तरह से तैयार हैं। पानी की निकासी में कोई बाधा न आए, इसे लेकर हमारी से विशेष तौर पर कर्मचारियों की तैनात की जाएगी।
- राजकुमार, सीएसआई, नगर निगम
पिछले 11 वर्षों में जुलाई माह में सर्वाधिक बारिश
वर्ष तिथि बारिश (एमएम)
2021 30 117.0
2020 21 60.0
2019 17 64.8
2018 26 21.7
2017 20 31.2
2016 03 70.4
2015 07 52.4
2014 28 39.8
2013 07 44.4
2012 21 23.0
2011 08 48.9