सीवर, पेयजल और सड़कों की हालत खस्ता, समाधान के लोगों ने लगाया जाम
प्रदर्शनकारी बोले- हम जानवर नहीं इंसान हैं, विधायक जी हमारी भी सुनो, नहीं तो आपके घर का करेंगे घेराव
हांसी (हिसार)। वार्ड एक के लोगों ने मंगलवार को सीवर, पेयजल व सड़कों की समस्या के समाधान के लिए चारकुतुब गेट के बाहर हांसी-बरवाला मार्ग को जाम कर दिया। जाम के कारण वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम की सूचना मिलते ही सिसाय पुल चौकी इंचार्ज अनिल कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि हम जानवर नहीं इंसान हैं, विधायक जी हमारी भी सुनो, नहीं तो आपके घर का घेराव करेंगे। पुलिस के समझाने पर लोगों ने आधे घंटे बाद रास्ता खोल दिया।
महिलाओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जल्द समस्या का समाधान नहीं होगा तो वह विधायक विनोद भयाना की कोठी पर अपना पड़ाव डालेंगे। मोनिका, रानी, दर्शना, रेखा, कविता, मीना, सुनीता, सीमा ने कहा कि हमारे क्षेत्र में सीवर व्यवस्था पूरी तरह से चरमराई हुई है। सीवर का गंदा पानी सड़कों पर आ रहा है, जिससे बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ है। हमारे क्षेत्र में ऐसा कोई घर नहीं है, जिसमें कोई भी बीमार न हो। उन्होंने कहा कि नालियां गंदगी से अटी पड़ी हैं। महिलाओं ने कहा कि न तो सड़कों को दुरुस्त कराया जा रहा है, न ही पेयजल व सीवर लाइन को ठीक किया जा रहा है। सीवर का बदबूदार पानी सप्लाई होकर आता हैं। उन्होंने कहा कि वह पानी पीने के लायक भी नहीं हैं। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि इन सभी समस्याओं को लेकर हमने कई बार विधायक व अधिकारियों को अवगत करवा चुके हैं, मगर कोई भी सुनवाई नहीं की जा रही। मजबूरन हमें रोड जाम करना पड़ा है।