हिसार। जिले के एक गांव में रहने वाली नौवीं कक्षा की छात्रा से दो युवकों द्वारा दुष्कर्म करने और गर्भवती होने के मामले में पुलिस अब पीड़िता का अल्ट्रासाउंड करवाएगी। अल्ट्रासाउंड में सटीक पता चल पाएगा कि वह कितने माह की गर्भवती है। इसके बाद पुलिस चिकित्सकों की राय लेकर गर्भपात करवाने को लेकर लीगल कार्रवाई अमल में लाएगी। मंगलवार को पुलिस पीड़िता के बयान लेने के लिए उसके घर पहुंची। वहीं स्वास्थ्य विभाग की तरफ से एमपीटी किट को लेकर जांच की जाएगी। इस संबंध में चिकित्सकों ने पीड़िता की मां से भी बातचीत की है।
एक आरोपी पीड़िता का परिचित
पीड़िता की मां ने बताया था कि 16 साल की बेटी गांव के सरकारी स्कूल में पढ़ती है। सोमवार सुबह बेटी ने बताया कि पेट में दर्द हो रहा है। बेटी को दवा दिलवाने के लिए सीएचसी में लेकर गई। वहां पर नर्सिंग ऑफिसर ने जब जांच की तो उसने बताया कि छात्रा करीब पांच माह की गर्भवती है। पता चलने पर जब बेटी से पूछा तो उसने बताया कि करीब 5-6 महीने पहले घर पर कोई नहीं था, उस समय रिश्तेदारी में पड़ने वाला युवक घर पर आया था और दुष्कर्म किया था। इसके बाद जान से मारने की धमकी देकर उसने कई बार शारीरिक संबंध बनाए। एक दिन वह अपने दोस्त को लेकर पीड़िता के घर आया और दोनों ने गलत काम किया। दुष्कर्म करने वाले आरोपियों ने बेटी को गर्भपात किट लाकर दी, लेकिन बेटी ने दवा नहीं ली। घटना का पता चलने पर बेटी ने किट निकाल कर दी। इसके बाद पुलिस को शिकायत दी।
-
मंगलवार को जांच अधिकारी पीड़िता के बयान लेने के लिए उसके घर गई। पीड़िता के बयान के आधार पर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। वहीं पीड़िता का अल्ट्रासांउड करवाया जाएगा। -
सुरेश कुमार, सदर थाना प्रभारी