हांसी। ई-रिक्शा चालक को बस स्टैंड पुलिस चौकी में ले जाकर पुलिस कर्मियों ने उसकी पिटाई कर दी। इसी का लेकर बुधवार को सभी ई-रिक्शा चालक विधायक विनोद भयाना व शहर थाना इंचार्ज से मिले और कार्रवाई की मांग की। बता दें कि मंगलवार शाम को ई-रिक्शा के सामने बाइक खड़ी करने को लेकर विवाद हो गया था। घटना की जानकारी देते हुए ई-रिक्शा चालकों के इंचार्ज विजय सैनी ने बताया कि शाम 6 बजे के करीब वह हांसी के बस स्टैंड पर अपनी ई-रिक्शा मोड़ रहा था तभी पीछे से एक बाइक चालक आया और रिक्शा के सामने बाइक खड़ी कर दी।
जब ई-रिक्शा इंचार्ज विजय सैनी ने उस व्यक्ति को रिक्शा मोड़ने के लिए बाइक हटाने के लिए कहा तो बाइक चालक ने उसे पीट देने की बात कही। इस पर विजय व बाइक चालक के बीच कहासुनी हुई। इसके बाद बाइक चालक ने ई-रिक्शा यूनियन इंचार्ज के खिलाफ बस स्टैंड चौकी में शिकायत दर्ज करवा दी। उसी समय बस स्टैंड चौकी से दो पुलिस कर्मी आए और ई-रिक्शा चालक को चौकी में ले गए। विजय सैनी ने बताया कि पुलिस कर्मियों ने उसकी बात नहीं सुनी और उसे पिटना शुरू कर दिया और फिर उसे छोड़ दिया। इसके बाद बुधवार सुबह सभी ई-रिक्शा चालक व प्रधान हांसी विधायक विनोद भयाना व सीटी थाना इंचार्ज से मिले। दोनों ने ई-रिक्शा चालकों को आश्वासन दिया कि उन पुलिस कर्मी पर एक्शन लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और साथ ही बस स्टैंड चौकी पुलिस कर्मी से पूछताछ भी की जाएगी।