हिसार। कोविड-19 के तहत जिले में लगाए गए सप्ताहांत लॉकडाउन के दौरान शनिवार को पुलिस सख्ती की बजाए अपील करती दिखी। वहीं, लॉकडाउन के दौरान जिला पुलिस ने बिना मास्क पहने सड़कों पर टहल रहे 283 लोगों के चालान किए। इस दौरान पुलिस ने 91 वाहनों के चालान भी किए। इसके साथ ही सात वाहनों को जब्त भी किया।
जिले में पुलिस की ओर से 43 विशेष नाके भी लगाए गए। शहर में प्रवेश करने वाले कुछ प्वाइंट को बंद किया गया। बरवाला चुंगी की ओर से शहर में प्रवेश को बंद किया गया। वाहन चालकों को सिरसा चुंगी की ओर से प्रवेश दिया गया। वहीं, शहर के लगभग सभी बाजार बंद रहे।
सुबह करीब 11 बजे तक ही पुलिस की ओर से कुछ सख्ती दिखी। पुलिस की ओर से सड़कों पर घूम रहे लोगों व वाहन चालकों से पूूछताछ की गई। कोविड-19 के तहत जारी नियमों का उल्लंघन करने वालों के चालान भी किए गए। दोपहर बाद पुलिस ने कुछ हद तक नरमी बरतना शुरू कर दिया।
पुलिस की सेवा में उतरा सिख युवक
लॉकडाउन में पुलिस की ओर से जहां लोगों से अपील की जा रही थी। एक सिख भी पुलिस की सेवा के लिए अपने बच्चों सहित सड़क पर निकला। शहर के मॉडल टाउन निवासी सरबजीत सिंह अपने दो बच्चों के साथ मीठा जल लेकर निकला। उसकी ओर से शहर के प्रत्येक नाके व चेक पोस्ट पर ड्यूटी दे रहे पुलिस कर्मियों को यह मीठा जल पिलाया गया। एक्टिवा सवार तीनों लोग एक्टिवा पर कैंपर रखकर सुबह घर से निकले। जब कैंपर खत्म हो जाता तो दोबारा कैंपर भर कर लाते। सरबजीत सिंह ने कहा कि गुरु तेग बहादुर के 400 साला प्रकाशप्रर्व के उपलक्ष्य में उन्होंने मुश्किल वक्त में सेवा में जुटे पुलिसकर्मियों को जल वितरित करने की सोची। उन्होंने कहा कि सिख हमेशा से ही गुरुओं का लंगर लगाते आए हैं। ऐसे में मुश्किल समय में हमारी रक्षा के लिए खड़े देश के जवानों का ध्यान रखना हमारा भी कर्तव्य है।
सात डीएसपी कर रहे नाकों पर निगरानी
जिले में पुलिस की ओर से 43 विशेष नाके भी लगाए गए हैं। इन नाकों पर पांच-पांच पुलिसकर्मी शिफ्टों में ड्यूूटी दे रहे हैं। नाकों पर सात डीएसपी अपने-अपने एरिया में निगरानी करेंगे। शुक्रवार रात डीआईजी ने ये ड्यूटी लगाई थी। सभी पुलिस कर्मियों ने मास्क तो लगाए हुए थे, लेकिन ग्लव्स किसी ने नहीं पहने थे। इसके साथ ही नाकों पर सैनिटाइजर का भी प्रबंध दिखाई नहीं दिया।
सरकारी गाड़ी का भी हुआ चालान
शनिवार सुबह डाबड़ा चौक की तरफ से बस अड्डे की तरफ जा रही एक सरकारी गाड़ी का जिला ट्रैफिक पुलिस ने चालान भी किया। इस गाड़ी पर हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट नहीं लगी हुई थी। उस दौरान गाड़ी जब फव्वारा चौक पहुंची तो वहां तैनात ट्रैफिक पुलिस ने इस गाड़ी का चालान किया।
मार्केट पूरी तरह से रही बंद
राजगुरु मार्केट, बिश्नोई मंदिर मार्केट, अग्रसेन मार्केट, तेलियान पुल, नागोरी गेट, तलाकी गेट,गांधी मार्केट बाजार सहित शहर के सभी बाजार पूरी तरह से बंद रहे। किराना की भी अधिकतर दुकानें बंद रहीं। सड़कों पर सब्जी वालों की संख्या भी बेहद कम रही।
कंटेनमेंट जोन में प्रवेश बंद
कंटेनमेंट जोन में प्रवेश पूरी तरह से बंद रखा गया है। यहां वाहन चालकों को लौटा दिया गया। सूर्य नगर, अर्बन एस्टेट, मॉडल टाउन सहित अन्य कंटेनमेंट जोन में बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है। यहां पुलिस ने बैरिकेड लगाकर रास्ते बंद किए हैं। साथ ही पुलिस कर्मी भी तैनात किए हैं।