हिसार। पुलिस ने चोरी को जेनरेटर बेचते हुए चार दोस्तों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को अदालत में पेश कर एक दिन के रिमांड के बाद जेल भेज दिया गया। आरोपियों के खिलाफ अग्रोहा थाने में चोरी के कई मामले दर्ज हैं।
अग्रोहा पुलिस ने थाना प्रभारी इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए कुलेरी निवासी देवीलाल उर्फ धोलिया, राजकुमार उर्फ राजू, अग्रोहा निवासी संदीप और फतेहाबाद के बड़ोपल निवासी राजेंद्र उर्फ कालू को लाखों रुपये के कृषि यंत्रों, ट्रैक्टरों सहित पकड़ा। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे खेतीबाड़ी करते हैं और खर्च चलाने के लिए चोरी करने लगे थे। वे रेकी करने के बाद वारदात को अंजाम देते थे और बाद में चोरी किया गया सामान अपने जानपहचान के लोगों के घरों में रखवा देते थे। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे चोरी किया सामान बेचने की फिराक में थे कि पुलिस के हत्थे चढ़ गए।
आरोपी चोरी का एक जेनरेटर किसी को बेचने के लिए अपने साथ ले गए। वहां 30 हजार रुपये में सौदा हुआ। इसी दौरान मुखबिर से पुलिस को सूचना मिल गई और चारों आरोपी एक साथ पकड़ लिए गए। इंस्पेक्टर कुलदीप ने बताया कि आरोपियों को वीरवार शाम को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया था, जहां से एक दिन के रिमांड के बाद उन्हें शनिवार को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों का एक अन्य साथी अभी फरार हैं। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।
आरोपियों के खिलाफ ये मामले हैं दर्ज
- देवीलाल उर्फ धोलिया और राजकुमार उर्फ राजू ने 10 दिसंबर 2020 की रात गांव कुलेरी से पंजाब के मानसा निवासी अमनदीप का ट्रैक्टर चोरी किया था। अमनदीप की शिकायत पर अग्रोहा थाने में 15 दिसंबर 2020 को केस दर्ज किया गया था। पुलिस ने आरोपियों से चोरी का ट्रैक्टर बरामद कर लिया है।
- राजेंद्र उर्फ कालू, राजकुमार उर्फ राजू और संदीप ने मिलकर कर कुलेरी गांव निवासी ओमप्रकाश के खेत से एक 19 जनवरी 2021 की रात जेनरेटर और गांव जगाण से एक ट्रैक्टर ट्रॉली, डंपर चोरी किया था। यह डंपर आरोपी अग्रोहा अनाज मंडी में छोड़कर चले गए थे। पुलिस ने चोरी का जेनरेटर और डंपर बरामद कर लिया है। दोनों मामलों में अग्रोहा थाने में दो फरवरी और तीन मार्च को चोरी का केस दर्ज किया गया था।
- राजेंद्र उर्फ कालू और राजकुमार उर्फ राजू ने मिलकर गांव नंगथला से दो मार्च को नंगथला निवासी देवीलाल की लोहे की हैरो चोरी की थी। देवीलाल की शिकायत पर अग्रोहा थाने में तीन मार्च को चोरी का केस दर्ज किया गया था। पुलिस ने चोरी की हैरो बरामद कर ली है।
- राजेंद्र उर्फ कालू और राजकुमार उर्फ राजू ने 23 मार्च 2020 को अग्रोहा मेडिकल से बाइक चोरी कर आरोपी संदीप को पांच हजार रुपये में बेचा था। इस संबंध में 29 मार्च को अग्रोहा थाने में केस दर्ज किया गया था। बाइक को पुलिस ने संदीप के कब्जे से बरामद कर लिया है।
- पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का एक फार्मट्रैक ट्रैक्टर और रोटावेटर बरामद किया है। यह ट्रैक्टर आरोपियों ने 25 फरवरी की रात कुलेरी निवासी प्रमोद कुमार के घर के सामने से चोरी किया गया था। रोटावेटर को किरोड़ी निवासी सतबीर सिंह के खेत से 23 जनवरी को चोरी किया था। अग्रोहा थाने में दोनों मामलों में 26 फरवरी और दो मार्च को केस दर्ज किया गया था।
- इसके अलावा पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के दो एसी बरामद किए। ये एसी आरोपियों ने अग्रोहा मार्केट से चोरी किए थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की छह सोलर सिस्टम प्लेट और फ्लोर टाइल्स की 40 पेटी भी बरामद कीं।