हांसी एसडी कॉलोज रोड पर मेम के बाग में जमा कचरा।
हांसी। स्वच्छता की नई तस्वीर गढ़ने की दिशा में नगर परिषद ने कदम बढ़ाए हैं। शहर को साफ-सुथरा और सुंदर बनाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा विशेष सफाई अभियान लगातार जारी है। अभियान के तहत बरवाला बाईपास, जींद बाईपास, मेम का बाग सहित विभिन्न स्थानों पर सड़कों के किनारे महीनों से जमा कचरे के ढेरों जेसीबी से हटाकर शहर को गंदगी से निजात दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।
डीएमसी लक्षित सरीन के नेतृत्व में अधिकारियों की मौजूदगी में सफाई कार्य करवाया जा रहा है। एकत्रित कचरे को व्यवस्थित तरीके से डंपिंग स्टेशन पहुंचाया जा रहा है। इसके अलावा प्रतिदिन शहर के पांच वार्डों में गहन सफाई अभियान चलाकर सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ बनाया जा रहा है।
अभियान का मुख्य उद्देश्य शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाना है। नगर परिषद की टीमें पूरी निष्ठा से अपने कार्य में लगी हैं। कचरा हटाने के साथ-साथ सड़कों और गलियों की भी सफाई की जा रही है। स्थानीय नागरिक भी इस पहल की सराहना कर रहे हैं। आमजन इसमें ज्यादा से ज्यादा सहयोग करें।- लक्षित सरीन, डीएमसी।