हिसार। जिला टीबी कार्यालय के सभागार में शुक्रवार को चिकित्साधिकरियों ने फार्मेसी अधिकारियों की मासिक बैठक ली। बैठक में अधिकारियों को विभागीय रिकॉर्ड ऑनलाइन करने और कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (सीएचओ) पोर्टल पर हर अस्पताल में उपलब्ध दवाइयों और चिकित्सा उपकरणों की स्थिति अपडेट करने के निर्देश दिए गए।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. तरुण कुमार और जिला परियोजना अधिकारी डॉ. नीरज गुप्ता ने कहा कि अनुपयोगी दवा, उपकरण और अन्य सामान की जानकारी समय पर पोर्टल पर दर्ज की जाए। टीबी नियंत्रण विभाग के डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. जितेंद्र कुमार ने मरीजों की जांच, पहचान और इलाज के साथ-साथ निक्षय मित्र योजना की सफलता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि जिले को इसी साल टीबी मुक्त बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
इस दौरान प्रभारी चीफ फार्मेसी अधिकारी विनोद दलाल, रमेश कुमार, रोमी सिंगला, रामनिवास, अनिल शर्मा, अशोक आदि मौजूद रहे।