हिसार। स्थानीय रेलवे स्टेशन पर तैनात टिकट क्लर्क हरिकिशन पर 17 लाख रुपये के गबन का आरोप लगा है। आरोप है कि उन्होंने यात्रियों से वसूला किराया और जुर्माना राशि जमा करने के बजाय अपने पास रखी। गबन का खुलासा रेलवे द्वारा की गई ऑडिट के दौरान हुआ। इसके बाद रेलवे जीआरपी पुलिस ने हिसार जंक्शन के स्टेशन अधीक्षक प्रेमचंद की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जांच अधिकारी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि बिहार के मधेपुरा निवासी हरिकिशन सीनियर सीसीटीसी के पद पर हिसार रेलवे स्टेशन पर तैनात है। आरोप है कि हरिकिशन ने 1 जून 2025 से 31 जनवरी 2026 तक कुल 17 लाख 610 रुपये की राशि यात्रियों से वसूल की। रेलवे के नियमों के तहत यह राशि रेलवे के खातों में जमा होनी थी, लेकिन हरिकिशन ने न तो हिसार के सीटीआई कार्यालय में और न ही जोधपुर के यातायात लेखा कार्यालय में यह राशि जमा कराई।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक इस वित्तीय अनियमितता का खुलासा तब हुआ, जब संबंधित शाखा के सीनियर अधिकारी ने ईएफटी रिटर्न के संबंध में डेबिट मेमो जारी किए। सीटीआई हिसार की रिपोर्ट और ऑडिट में पाया गया कि रिकॉर्ड में दर्ज राशि और वास्तविक जमा राशि में बड़ा अंतर था। बार-बार कहने पर भी हरिकिशन ने राशि नहीं जमा कराई तो रेलवे विभाग ने इसे आपराधिक गबन मानते हुए पुलिस को लिखित शिकायत दी। जांच अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच जारी है।