डेबिट क्रेडिट कार्ड पर पेट्रोल व डीजल डलवाने पर अतिरिक्त शुल्क लगाने के मामले पर पंप एसोसिएशन ने विरोध शुरू कर दिया है। पेट्रोल पंप एसोसिएशन ने सोमवार से डेबिट क्रेडिट कार्ड पर तेल डालने से इनकार कर दिया है। एसोसिएशन ने एलान किया है कि सोमवार से ग्राहक डेबिट, क्रेडिट या पेटीएम से तेल डलवाने न आएं अब जब तक बैंकों की मनमानी रहेगी पंप संचालक कैैश में ही तेल डालेंगे।
पंप संचालकों का कहना है कि एक तरफ सरकार कैशलेस पर जोर दे रही है। मगर दूसरी तरफ बैंक प्रबंधन आम लोगों से ठगी कर रहा है। ग्राहकों व पंप संचालक दोनों से अतिरिक्त शुल्क वसूल रहा है। ग्राहक से 100 रुपये पर करीब 3 रुपये 33 पैसे अतिरिक्त शुल्क वसूला जा रहा है। पंप संचालक से 100 रुपये पर करीब 1 रुपये 66 पैसे अतिरिक्त चार्ज वसूला जा रहा है। पंप संचालकों का कहना है कि 100 रुपये का अगर ग्राहक को तेल डाला जा रहा है तो पांच रुपये अतिरिक्त सीधे लग रहे हैं।
50 प्रतिशत ग्राहक करने लगे डेबिट क्रेडिट कार्ड का उपयोग
पेट्रोल पंप एसोसिएशन के पदाधिकारियों का कहना है कि हमारे शहर में कैशलेस पहले से 14 गुणा अधिक बढ़ गया है। नोटबंदी के बाद 50 प्रतिशत लोग डेबिट, क्रेडिट व पेटीएम यूज करने लगे हैं। ऐसे में अतिरिक्त शुल्क लगाया जाना गलत है।
बैंक ग्राहकों व पंप संचालकों से अतिरिक्त शुल्क वसूल रहे हैं। जब तक बैंक ये अतिरिक्त शुल्क लेना बंद नहीं करेगा तब तक पूरे जिले के पेट्रोल पंपों पर डेबिट क्रेडिट सहित किसी तरह के कार्डों पर तेल नहीं डाला जाएगा।
- आनंद गोयल, प्रधान जिला पेट्रोल पंप एसोसिएशन