पेट्रोल पंपों पर कैश मिलने को लेकर दिनभर असमंजस में रहे लोगों को वीरवार को पंपों पर जमकर कैश बांटा गया। शहर के करीब आठ पेट्रोल पंपों पर कैश बांटा गया। पेट्रोल पंपों पर लगी जिन पीओएस मशीनों पर कैश का ऑप्शन है, उन्हें 2013 से ही कैश बांटने की इजाजत है। एसबीआई बैंक के अधिकारियों के मुताबिक आरबीआई से उनके द्वारा बांटी गई पीओएस मशीनों से पैसे बांटने की मंजूरी ली गई है। फिलहाल केवल ढाई हजार रुपये तक ही बांटे जा सकते हैं। अधिकारियों ने बताया कि कोई भी ग्राहक अपने एक एटीएम कार्ड द्वारा एटीएम मशीन या पीओएस मशीन से 2000 रुपये तक निकलवा सकता है। अधिकारियों के मुताबिक सभी ऑयल कंपनियों ने भी पेट्रोल पंपों को मशीन से कैश बांटने की छूट दी हुई है। वीरवार को पेट्रोल पंपों पर कैश न मिलने की फैली अफवाह के बीच ऑयल कंपनियों ने भी पेट्रोल पंपों को निर्देश दिए हैं कि वे चाहें तो अपने पेट्रोल पंप से कैश बांट सकते हैं।
वहीं पेट्रोल पंपों पर सुबह 12 बजे से ही कैश मिलना शुरू हो गया था। एटीएम मशीनों के धक्के खा रहे लोगों को पेट्रोल पंपों पर कुछ राहत मिली। शहर के कई पेट्रोल पंपों पर कैश बांटा गया। बस स्टैंड के पास धनपत राय फिलिंग स्टेशन पर दिनभर में 41 हजार रुपये कैश बांटा गया। इसके अलावा भी शहर के कई पेट्रोल पंपों पर कैश दिया गया। इन पेट्रोल पंपों को पहले ही कैश देने की अनुमति मिली हुई थी। पंप कर्मियों ने बताया कि पूरे दिन में जब भी कैश आया। उन्होंने उसे लोगों में बांट दिया।