हांसी। बस स्टैंड पर वर्षों से चली आ रही पानी की निकासी की समस्या का स्थायी समाधान की आस जगी है। इसके लिए करीब 1.3 करोड़ रुपये की लागत से ड्रेनेज सिस्टम विकसित किया जाएगा। इस योजना के तहत बस स्टैंड परिसर में जमा होने वाले पानी को निकालने के लिए आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम बनाया जाएगा। तोशाम रोड स्थित डिस्पोजल पंप तक अलग से सीवरेज लाइन बिछाई जाएगी। इस परियोजना की घोषणा 16 दिसंबर को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने नई ऑटो मार्केट में आयोजित विकास रैली के दौरान की थी।
योजना के अनुसार, बस स्टैंड पर 15 हॉर्स पावर की दो मोटर लगाई जाएंगी। इन मोटरों की सहायता से बस स्टैंड में जमा पानी को उठाकर सीवरेज लाइन में डाला जाएगा जिससे पानी सीधे डिस्पोजल पंप तक पहुंचेगा। खास बात यह है कि बस स्टैंड से डिस्पोजल तक बिछाई जाने वाली सीवर लाइन में किसी अन्य क्षेत्र की लाइन को नहीं जोड़ा जाएगा, ताकि निकासी व्यवस्था पूरी तरह सुचारु बनी रहे। यह योजना जनस्वास्थ्य विभाग की ओर से तैयार की गई है।
मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद रोडवेज और जनस्वास्थ्य विभाग ने इस योजना पर काम शुरू कर दिया है। जनस्वास्थ्य विभाग ने बजट तैयार कर रोडवेज को भेज दिया है। हिसार रोडवेज जीएम कार्यालय की ओर से फाइल को मुख्यालय में मंजूरी के लिए भेजा गया है। रोडवेज से स्वीकृति और बजट जारी होते ही जनस्वास्थ्य विभाग की ओर से कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
बस स्टैंड का लेवल सड़क से नीचे होने के कारण यहां पानी की निकासी नहीं हो पाती। बारिश के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है तथा पूरा परिसर जलमग्न हो जाता है। इसके चलते यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ती है और कई बार सवारियों को सड़क पर खड़े होकर बसों का इंतजार करना पड़ता है। इस योजना के लागू होने से बारिश के पानी की समुचित निकासी संभव हो सकेगी और बस स्टैंड परिसर को जलभराव से मुक्ति मिलेगी।
शौचालयों की समस्या भी बनी चुनौती
बस स्टैंड में जलनिकासी की समस्या के चलते शौचालयों की स्थिति भी बदहाल है। निकासी न होने के कारण कई शौचालय बंद पड़े हैं। महिलाओं के लिए यहां केवल एक शौचालय है, जिसमें दो सीट हैं, लेकिन उनमें से एक सीट खराब पड़ी है। इस कारण यात्रियों, खासकर महिलाओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। नई योजना के पूरा होने के बाद इस समस्या में भी सुधार की उम्मीद है।
8.32 लाख रुपये से होगी सफाई
बस स्टैंड के अंदर की सड़क धंसी हुई है, लेकिन सीवरेज लाइन बिछाने के दौरान सड़क को तोड़ा जाएगा, इसलिए फिलहाल इसकी मरम्मत स्थगित कर दी गई है। सीवरेज कार्य पूरा होने के बाद सड़क की मरम्मत कराई जाएगी। वहीं जनस्वास्थ्य विभाग ने बस स्टैंड के भीतर सीवरेज और स्टॉर्म वाटर सिस्टम की सफाई के लिए लगभग 8.32 लाख रुपये का टेंडर जारी किया है। इससे बंद पड़ी सीवरेज लाइन, कुई की सफाई और मोटरों की मरम्मत की जाएगी।
:::::::::::::::
बस स्टैंड पर जलभराव की समस्या पुरानी है। सड़क से लेवल नीचे होने के कारण पानी नहीं निकल पाता। इसके समाधान के लिए 1.3 करोड़ रुपये की योजना बनाई गई है और मंजूरी के लिए फाइल मुख्यालय भेजी गई है। स्वीकृति मिलते ही जनस्वास्थ्य विभाग के माध्यम से कार्य शुरू कराया जाएगा। - प्रीतम , ट्रैफिक मैनेजर, रोडवेज।