हांसी। देवीलाल मार्केट को 49 लाख रुपये से आधुनिक स्वरूप में विकसित करने का कार्य शुरु हो गया है। यहां पर ग्रीन बेल्ट, फुटपाथ व पार्किंग की व्यवस्था की होगी। इसमें फव्वारे लगाए जाएंगे। साथ ही लाइटों के सजावटी पोल भी लगेंगे। इस कार्य का विधायक विनोद भयाना ने शुक्रवार को शुभारंभ किया।
इन विकास कार्यों के पूरा होने के बाद देवीलाल मार्केट न केवल और अधिक सुंदर और आकर्षक दिखाई देगी। बल्कि नागरिकों व व्यापारियों को सुविधाओं से युक्त एक आधुनिक मार्केट का अनुभव भी मिलेगा। नगर परिषद के अधिकारियों ने बताया कि मार्केट में जिन प्रमुख कार्यों को शामिल किया गया है। उनमें प्रवेश द्वारों का निर्माण, वाहनों के लिए पर्याप्त पार्किंग स्थल, मार्केट में ग्रीन बेल्ट, आकर्षक सजावटी लाइटें, सजावटी बिजली के पोल और पैदल यात्रियों की सुविधा के लिए फुटपाथ तैयार किए जाएंगे। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि मार्केट में उपयुक्त भूमि उपलब्ध हो जाती है तो यहां फव्वारा भी लगवाया जाएगा।
इस दौरान भाजपा नेता राजपाल यादव, नगर परिषद के उप प्रधान अनिल बंसल, भाजपा मंडल अध्यक्ष श्याम खांडा, नगर परिषद के एमई जयवीर, गोलू चावला आदि मौजूद रहे।
छह माह में पूरा होगा काम
विधायक ने कहा कि देवीलाल मार्केट शहर का एक प्रमुख व्यावसायिक केंद्र है जहां प्रतिदिन सैकड़ों लोग आते-जाते हैं। ऐसे में मार्केट का सुंदरीकरण, बेहतर पार्किंग व्यवस्था, उचित रोशनी, फुटपाथ व स्वच्छ वातावरण प्रदान करना समय की जरूरत है। इस कार्य को छह माह की निर्धारित समयावधि में पूरा करवा दिया जाएगा।