फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अभिभावकों को भी देनी होगी सैट व अर्धवार्षिक परीक्षाओं की सूचना, विषयवार व माध्यमवार होगी सूचि तैयार

विज्ञापन
विज्ञापन
हिसार। राजकीय विद्यालयों में पढ़ रहे विद्यार्थियों की सैट की परीक्षाएं आयोजित करवाई जाएंगी। इसके लिए हरियाणा विद्यालय शिक्षा निदेशालय ने जिला शिक्षा विभाग को आदेश दे दिए हैं। जिला शिक्षा विभाग ने भी एसएटी यानी विद्यार्थी मूल्यांकन परीक्षा की तैयारी शुरू कर दी है। वहीं इस बार शिक्षकों को सैट और अर्धवार्षिक परीक्षा की डेटशीट पर अभिभावकों के हस्ताक्षर करवाने होंगे, ताकि सभी विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हो सकें।
विज्ञापन

गौरतलब है कि पहली कक्षा से 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों की सैट व अर्ध वार्षिक परीक्षा जुलाई, अगस्त, सितंबर, नवंबर व जनवरी माह में आयोजित की जाती हैं। इन परीक्षाओं को सही से आयोजित करवाने के लिए शिक्षा निदेशालय ने गाइडलाइन भी जारी की है। गाइडलाइन के अनुसार पहली कक्षा से 8वीं कक्षा के विद्यार्थियों की सैट व अर्ध वार्षिक परीक्षाओं की प्रश्न-उत्तर पुस्तिकाओं को सभी जिला मौलिक शिक्षा अधिकारियों को उपलब्ध करवाया जाएगा। गाइडलाइन के अनुसार कक्षा 9वीं से 12वीं के विद्यार्थी सैट और अर्ध वार्षिक परीक्षाओं की प्रश्नपत्र एवं उत्तर पुस्तिका एससीईआरटी के प्रवक्ताओं की विशेष टीम द्वारा बनाए जाने हैं। शिक्षा निदेशालय के आदेशानुसार कक्षा पहली से 8वीं एवं कक्षा 9 से 12 के प्रश्न-उत्तर पुस्तिकाओं को छपवाने के लिए प्रति जिला शिक्षा विभाग को 5 लाख रुपये की राशि जारी कर दी है।
दो अंक पौधे लगाने मिलेंगे
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा 10वीं व 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों को प्रोजेक्ट बेस लर्निंग के तहत दो नंबर पौधे लगाने व उनकी देखभाल करने के दिए जाएंगे। इसके लिए एचबीएसीई ने सभी विद्यालयों के प्राचार्यों को पत्र भेज आदेश जारी कर दिए हैं। गौरतलब है कि एचबीएसई द्वारा 10वीं व 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों को इंटरनल असेस्टमेंट के कुल 20 अंक दिए जाते हैं। इनमें 10 अंक एसएटी यानी सेशनल असेसमेंट टेस्ट के निर्धारित किए गए हैं। हाजिरी के 5 अंक हैं और 5 अंक प्रोजेक्ट बेस लर्निंग के निर्धारित किए गए हैं। इनमें से दो अंक विद्यार्थियों को पेड़ लगाने एवं उनकी देखभाल करने के लिए प्रदान किए जाने हैं, लेकिन इसमें उल्लेखनीय यह है कि सभी विषयों के लिये पेड़ लगाने एवं देखभाल करने के अंक नहीं दिए जाएंगे।
विज्ञापन

विषयवार व माध्यम वार होगी विद्यार्थियों की सूची तैैयार
निदेशालय के आदेश हैं कि परीक्षाएं शुरू होने से पहले शिक्षा विभाग ब्लॉक वाइज सभी स्कूलों के विद्यार्थियों की सूची तैयार करें। सूची में कक्षावार, विषयवार और माध्यम वार छात्र संख्या की जानकारी सटीक होनी चाहिए। इस जानकारी का मिलान एमआईएस पोर्टल पर भी अपडेट होना जरूरी है। इसके साथ ही शिक्षा विभाग सभी राजकीय विद्यालयों में विषयवार कक्षा वार और माध्यम वार विद्यार्थियों की डाटा सुनिश्चित करेगा। क्योंकि इसी डाटा के अनुसार प्रश्न पत्र व पुस्तिकाओं की छपाई की जाएगी।
अभिभावकों को भी करना होगा सूचित
शिक्षा निदेशालय के अनुसार शिक्षकों को सैट व अर्ध वार्षिक परीक्षाओं की डेट शीट के बारे में विद्यार्थियों के अभिभावकों को सूचित करना होगा। छोटे विद्यार्थियों को डेट शीट लिखित में देनी है उन पर अभिभावकों के हस्ताक्षर करवाने हैं। सभी मूल्यांकन परीक्षाओं का आयोजन गंभीरता, गरिमा और समय सारणी के अनुसार किया जाना है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें