हिसार। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) 21 जून को जिले के 15 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा में 6768 से अधिक अभ्यर्थी शामिल होंगे। पिछले वर्ष 6766 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी थी।
परीक्षा से पूर्व 14 जून को सभी केंद्रों की फिजिबिलिटी जांच की जाएगी। केंद्राधीक्षक परीक्षा कक्षों, सीसीटीवी कैमरों, बिजली, पेयजल, बैठने की व्यवस्था, शौचालयों और सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण करेंगे। यदि किसी प्रकार की कमी पाई जाती है तो उसे समय रहते दूर करने के निर्देश दिए गए हैं।
डीईओ राम रतन ने बताया कि अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश सुबह 11:30 बजे से शुरू होकर 1:30 बजे तक रहेगा। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक चलेगी। विद्यार्थियों को समय से पहले पहुंचने की सलाह दी गई है।
इस बार परीक्षा के प्रारूप में बदलाव करते हुए प्रश्नपत्र हल करने का समय 180 मिनट से बढ़ाकर 195 मिनट कर दिया गया है, यानी अभ्यर्थियों को अतिरिक्त 15 मिनट मिलेंगे। इसके साथ ही रफ कार्य के लिए चार पृष्ठ भी उपलब्ध कराए जाएंगे।
परीक्षा केंद्र इस प्रकार हैं
राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, गंगवा
पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, गंगवा
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, पटेल नगर
राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, जहाजपुल चौक के समीप
गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय, टीचिंग ब्लॉक-7
गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय, एचएसबी बिल्डिंग
कॉलेज ऑफ एग्रीकल्चर, चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय
कॉलेज ऑफ कम्युनिटी साइंस, एचएयू
कैंपस स्कूल, एचएयू
राजकीय महाविद्यालय, राजगढ़ रोड
सावित्री बाई फुले ब्लॉक, जीजीजे राजकीय महाविद्यालय
पीएमश्री केवी स्कूल
आर्मी पब्लिक स्कूल
पॉलिटेक्निक कॉलेज
राजकीय महिला महाविद्यालय