समाधान शिविर में नागरिकों की समस्याएं सुनते उपायुक्त महेंद्र पाल।
हिसार। समाधान शिविर के दौरान उपायुक्त महेंद्र पाल ने सोमवार को जमीन से जुड़े मामलों सहित विभिन्न शिकायतों पर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। गांव स्याहड़वा निवासी एक प्रार्थी की ओर से जमीन के विवाद में जान से मारने की धमकी मिलने की शिकायत पर उपायुक्त ने पुलिस अधिकारियों को उचित कार्रवाई करने के आदेश दिए।
वहीं गांव पनिहार निवासी ओमप्रकाश द्वारा जमीन के इंतकाल से संबंधित दी गई शिकायत पर उपायुक्त ने राजस्व विभाग के अधिकारियों को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके अलावा गांव साबरवास निवासी पूजा ने मकान गिरने के बाद आर्थिक सहायता के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। इस पर उपायुक्त ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को जांच उपरांत आगामी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
गांव सिंघवा खास की ग्राम पंचायत द्वारा पानी की निकासी को लेकर रखी गई शिकायत पर उपायुक्त ने जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी को शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए। सोमवार को आयोजित समाधान शिविर में उपायुक्त महेंद्र पाल ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठकर आमजन की शिकायतें सुनीं और समस्याओं के प्राथमिकता के आधार पर समाधान के निर्देश दिए। इस अवसर पर एसडीएम ज्योति मित्तल, नगर निगम की अतिरिक्त आयुक्त शालिनी चेतल, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी नरेंद्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।