हिसार। नगर निगम प्रशासन ने आर्य नगर में बनाए गए डंपिंग स्टेशन पर कचरा डालने पर रोक लगा दी है। साथ ही इस मामले को लेकर अधिकारियों व ग्रामीणों की एक कमेटी का गठन किया है, जो 2 दिन में निगमायुक्त को अपनी रिपोर्ट देगी। वहीं, निगम प्रशासन एजेंसी को बायोमेडिकल वेस्ट देने वाले अस्पतालों को नोटिस भी देगा।
आर्य नगर के लोगों ने रविवार दोपहर बाद 2 बजे डंपिंग स्टेशन के विरोध में रोड जाम कर दिया था। ग्रामीणों का कहना था कि एजेंसी की तरफ से डंपिंग स्टेशन पर बायोमेडिकल वेस्ट डाला जा रहा है। सूचना पाकर अतिरिक्त आयुक्त शालिनी चेतल मौके पर पहुंची थीं। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वासन दिया था कि उसकी समस्या का समाधान किया जाएगा। इस बारे में सोमवार को निगम कार्यालय में ग्रामीणों व एजेंसी के साथ बैठक की जाएगी। इस आश्वासन पर ग्रामीणों ने जाम हटा दिया था।
आधे घंटे चली बैठक
सोमवार सुबह 10.30 बजे निगमायुक्त नीरज ने ग्रामीणों व एजेंसी के साथ बैठक की। इस दौरान निगमायुक्त ने एजेंसी से कहा कि आपके पास बायोमेडिकल वेस्ट का लाइसेंस नहीं हैं तो आप यह वेस्ट नहीं उठा सकते। आप सिर्फ गीला व सूखा ही उठा सकते हो। निगमायुक्त ने कहा कि अभी आप यहां किसी भी तरह का कचरा नहीं डालोगे। साथ ही डंपिंग स्टेशन पर पड़े कचरे का जल्द से जल्द से निस्तारण करवाया जाए। बैठक में एजेंसी संचालक ने निगम प्रशासन से डपिंग स्टेशन के लिए जमीन उपलब्ध करवाने की मांग की। इस पर निगमायुक्त ने कहा कि आपको जमीन उपलब्ध करवाना निगम का काम नहीं है। आप खुद ही जमीन का इंतजाम कीजिए।
पांच सदस्यीय टीम का किया गठन
बैठक में निगमायुक्त ने अतिरिक्त आयुक्त शालिनी चेतल के नेतृत्व में पांच सदस्यीय टीम का गठन किया, जिसमें एक्सईएन जयवीर डूडी, आर्य नगर गांव के सरपंच प्रतिनिधि, पार्षद प्रतिनिधि सत्यनारायण व एजेंसी संचालक को शामिल किया गया। यह टीम दो दिन में डंपिंग स्टेशन पर पड़े कचरे की रिपोर्ट देगी।
अस्पताल संचालकों के खिलाफ कार्रवाई करेगा निगम
अब निगम की तरफ से उन अस्पताल संचालकों को नोटिस थमाए जाएंगे, जो एजेंसी को बायोमेडिकल देते थे। इसके अलावा निगम ऐसे अस्पतालों पर जुर्माने की कार्रवाई भी करेगा।
एक कमेटी का गठन किया गया है। यह कमेटी डंपिंग स्टेशन पर पड़े कचरे के बारे में दो दिन में अपनी रिपोर्ट देगी। एजेंसी जिस संस्थानों से कचरा एकत्रित करती है तो उससे उनकी लिस्ट ली जाएगी। वहीं, एजेंसी को बायोमेडिकल वेस्ट देने वाले अस्पतालों पर भी कार्रवाई की जाएगी।
नीरज, निगमायुक्त