हरियाणा के फतेहाबाद में नेशनल हाईवे पर गांव बडोपल के पास मंगलवार तड़के घनी धुंध में रेत से भरा डंपर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी जीप पर पलट गया।
इस दौरान जीप चालक की मौत हो गई, जबकि नौ अन्य घायल हो गए। घायल कैथल के रहने वाले थे और विवाह समारोहों में स्टाल लगाने के काम करते हैं।
सभी घायलों को फतेहाबाद के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव उसके परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार कैथल निवासी मोहित विवाह समारोह में स्टाल लगाने का काम करता है।
मोहित अपने साथियों के साथ सोमवार रात को फतेहाबाद के एक मैरिज पैलेस में स्टाल लगाने के लिए आया हुआ था।
मंगलवार सुबह वह पिकअप जीप में अपने साथी कैथल निवासी देवेंद्र, आजाद सैनी, सन्नी, राहुल, दीपक, अंकित, मनोज और दिल्ली निवासी संजू के साथ वापिस कैथल जा रहा था।
इस जीप को कैथल निवासी 34 वर्षीय विजय सैनी चला रहा था। बताया गया है कि गांव बड़ोपल के पास हिसार की ओर से आ रहे रेत से भरे तीन डंपर आपस में ओवरटेक कर रहे थे।
घनी धुंध के कारण जीप चालक विजय ने अपनी जीप को सड़क से नीचे उतार लिया, लेकिन एक डम्पर ने आगे चल रहे दूसरे डंपर को ओवर टेक करते समय सड़क से उतर गया और वहां खड़ी जीप पर पलट गया।
जिससे जीप में सवार सभी लोग बुरी तरह से घायल हो गए। डंपर पलटने की आवाज सुनकर आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर किसी तरह से घायलों को बाहर निकाला और इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायलों को सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने जीप चालक विजय को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद डम्पर चालक मौके से फरार हो गया।