हिसार से चार्टर्ड प्लेन से रुपये भेजे जाने के मामले में आयकर विभाग ने अलग-अलग जगह छापेमारी कर करीब साढ़े 11 करोड़ रुपये बरामद किए हैं। यह नकदी 13 नवंबर को हिसार से भेजी गई बताई जा रही है।
हिसार से नागालैंड के दीमापुर में भेेजे गए साढ़े तीन करोड़ रुपये का खुलासा होने के बाद जांच में सामने आया है कि इससे पहले भी प्लेन से रुपये भेजे गए थे। जांच रिपोर्ट के अनुसार हिसार से नागालैंड 13 से 22 नवंबर के बीच करीब साढे़ 11 करोड़ रुपये भेजे गए। मामले की जांच में जुटे सीबीडीटी के आयुक्त रमेश कुमार यादव ने बताया कि करीब साढ़े दस करोड़ रुपये की नकदी व एक करोड़ की ज्वैलरी अब तक सीज की जा चुकी है। आयकर विभाग की ओर से इस मामले में नकदी बरामद की गई है। बताया जा रहा है कि यह नकदी भी हिसार से भेजी गई। आयकर विभाग की ओर से देश के कई हिस्सों में इस बारे में छापेेमारी हो रही है। फिलहाल इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
अमर उजाला ने किया था खुलासा
गौरतलब है कि अमर उजाला ने 23 नवंबर के अंक में 13 नवंबर की फ्लाइट में करोडों रुपये भेजे जाने की आशंका जाहिर की थी। जिस में हिसार से दो लोग गए थे। यह प्लेन भी हिसार से दीमापुर के लिए बुक कराया गया था।