पुलिस ने ओल्ड कोर्ट एरिया के पास राजगढ़-लाजपत नगर मार्ग के एक प्लॉट से करीब चार महीने का भ्रूण बरामद किया है। भ्रूण कन्या का बताया जा रहा है। सिविल लाइन पुलिस ने इस संबंध में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है।
ओल्ड कोर्ट एरिया के एक कोचिंग सेंटर के छात्र कांशीराम ने पीएलए चौकी प्रभारी संजय कुमार को फोन पर सूचना दी कि एरिया में एक भ्रूण पड़ा है। पुलिस की टीम कुछ देर बाद मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने राजगढ़-लाजपत नगर मार्ग से एक होटल के निकट एक प्लॉट से दो पॉलिथीन में लिपटा करीब चार महीने का एक भ्रूण बरामद किया। भ्रूूण ताजा था और उसके शरीर पर चोट का कोई निशान नहीं था। खास बात यह है कि कुत्तों ने भ्रूूण को नहीं नोचा। इससे आभास होता है कि भ्रूण को शुक्रवार सुबह फेंका गया है। पुलिस भ्रूण को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल में ले गई। वहां भ्रूण का पोस्टमार्टम किया गया। पुलिस ने बाद में भ्रूण को अंतिम संस्कार के लिए नगर निगम को सौंप दिया।
मिलगेट रोड पर भी मिला था भ्रूण
मिलगेट रोड पर नई सब्जी मंडी की दीवार के पास 20 मार्च को भी करीब पांच महीने का कन्या का गला कटा भ्रूण मिला था। सिटी थाना पुलिस ने केस दर्ज किया था, लेकिन उस मामले में अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।