हिसार रोड पर बना ब्रेकर, जहां संकेतक नहीं लगे।
हांसी। हिसार रोड पर राधा स्वामी सत्संग डेरे के पास बनाए गए ब्रेकर की वजह से बुधवार को फिर एक और हादसा हुआ। ब्रेकर पर बाइक का संतुलन बिगड़ने के कारण बिजली निगम का सेवानिवृत्त जेई सड़क पर गिर गए। घायल हालत में उन्हें नागरिक अस्पताल ले जाया गया।
पांच दिन पहले भी दो बाइक सवार इस ब्रेकर की वजह से घायल हुए थे। बावजूद इसके लोकनिर्माण विभाग ने अब तक कोई संकेतक नहीं लगाया है। भाटोल जाटान निवासी सेवानिवृत्त जेई दलबीर सिंह ने बताया कि वह बाइक पर किसी कार्य से हिसार गए थे। लौटते समय हांसी में राधा स्वामी डेरे के समीप बने ब्रेकर पर बाइक का संतुलन बिगड़ा और वह गिर गए। उन्होंने बताया कि पहले यहां पर ब्रेकर नहीं था। ब्रेकर के बारे में कोई संकेतक बोर्ड भी नहीं था। इसके चलते ब्रेकर का पता नहीं लगा।
पांच दिन पहले भी इसी ब्रेकर पर संतुलन बिगड़ने से दो बाइक सवार व्यक्ति घायल हो गए थे। इसमें से एक को गंभीर हालत में हिसार दाखिल करवाया गया था। हादसे के बाद लोकनिर्माण विभाग के एक्सईएन अनिल नरवाल का कहना था कि मौके पर संकेतक या चेतावनी बोर्ड लगाएंगे, लेकिन अभी तक इस पर काम नहीं हुआ है।