हरियाणा के हिसार के धान्सू गांव में सोमवार दोपहर को स्कूल वैन से उतरने के बाद घर की तरफ जा रहे नर्सरी के छात्र शौर्य को स्कूल वैन ने टक्कर मार दी। जख्मी हालत में परिजन उसे नागरिक अस्पताल लेकर आए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सदर थाना पुलिस ने गुरदीप के बयान पर चालक विनोद के खिलाफ लापरवाही का केस दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।
वैन में कोई सहायक नहीं था
धान्सू गांव के रहने वाले गुरदीप ने बताया कि वह खेतीबाड़ी का काम करता है। भाई गुरमीत का सवा तीन साल का बेटा शौर्य व बेटी गांव के होप किड्स केयर स्कूल में पढ़ते हैं। हर रोज की तरह सुबह दोनों स्कूल वैन में बैठकर गए थे। दोपहर 1.15 मिनट पर स्कूल की छुट्टी होने के बाद दोनों बच्चे वैन में बैठकर घर आए थे।
बच्चों को लेने के लिए वैन की तरफ गया। वैन में चालक विनोद के अलावा कोई सहायक नहीं था। बच्चे वैन से उतरने के बाद घर की तरफ जाने लगे तो चालक विनोद ने लापरवाही से वैन को चलाते हुए पीछे से शौर्य को टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से उसके सिर में चोट लगी और खून बहने लगा। जख्मी हालत में उसे नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के लिए शव को शवगृह में रखवा दिया है। सदर थाना पुलिस ने चालक विनोद के खिलाफ केस दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।