हांसी। लाल सड़क स्थित शिवलाल सिंगला राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में मंगलवार को राष्ट्रीय सेवा योजना के सात दिवसीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ स्टेट नोडल ऑफिसर पंचकूला दिनेश कुमार शर्मा ने किया। उन्होंने वॉलंटियर्स को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना केंद्र सरकार की एक महत्वपूर्ण योजना है। यह वॉलंटियर्स के व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास करती हैं।
शर्मा ने कहा कि इसमें बच्चे राष्ट्र व समाज की समस्याओं से अवगत होते हैं व उनका स्वयं समाधान ढूंढते हैं। यह बच्चों को एक जिम्मेदार एवं आदर्श नागरिक बनाती है। हमें समाज व राष्ट्र की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहना चाहिए। इसके बाद ट्रैफिक थाना कांस्टेबल अमित ने बच्चों को सड़क सुरक्षा के नियमों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। फिर शहर थाना के सब इंस्पेक्टर राजेश ने बच्चों को नशे से दूर रहने की प्रेरणा दी। प्राचार्या पूर्णिमा गुप्ता ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना बच्चों में सामाजिक सद्भावना, समानता और बंधुत्व की भावना जागृत करती है। इस दौरान उनके साथ राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी श्याम सुंदर, पुरुषोत्तम वीर, गुरप्रीत, सुषमा आदि स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।