नगर निगम प्रशासन ने शहरवासियों को बड़ी राहत प्रदान करते हुए घर बैठे ऑनलाइन प्रॉपर्टी टैक्स भरने की सुविधा शुरू कर दी है। दो दिन के ट्रायल के बाद शुक्रवार को यह व्यवस्था सिरे चढ़ पाई है। शहरवासी साधारण सी प्रक्रिया पूरी कर ऑनलाइन प्रॉपर्टी टैक्स भर सकेंगे।
अब लोगों को सुबह ही निगम कार्यालय में आकर लाइन में नहीं लगना पड़ेगा। टैक्स जमा होने के साथ ही प्रॉपर्टी धारक को ऑनलाइन रसीद भी प्राप्त हो जाएगी। इसके लिए प्रॉपर्टी टैक्स के सभी बिल अपडेट करके जीआईएस कंपनी के सर्वर पर अपलोड किए गए हैं। यह सुविधा शुरू होने से शहर के एक लाख से अधिक प्रॉपर्टी धारकों को फायदा मिलेगा।
ऐसे ऑनलाइन भर पाएंगे प्रॉपर्टी टैक्स
सबसे पहले गूगल पर एमसी हिसार पीटीएस लिखकर सर्च करना होगा। इसके बाद प्रॉपर्टी आईडी नंबर, ऑनर का नाम व मोबाइल नंबर भरकर क्लिक करना होगा। इतना करते ही प्रॉपर्टी धारक की डिटेल आ जाएगी। नीचे अंतिम ऑप्शन ऑनलाइन पेमेंट का दिखेगा। उसका प्रयोग करते हुए क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड या नेट बैंकिंग के जरिये ऑनलाइन प्रॉपर्टी टैक्स का भुगतान किया जा सकेगा।
सेक्टर-15 और कैमरी रोड के 215 लोगों ने भरा प्रॉपर्टी टैक्स
सेक्टर-15 स्थित कम्यूनिटी सेंटर में 213 लोगों ने विशेष शिविर का लाभ उठाते हुए प्रॉपर्टी टैक्स जमा करवाया। सेक्टर 15 के अलावा कैमरी रोड के लोग भी शिविर में टैक्स जमा करवाने पहुंचे। हालांकि, हर शिविर की तरह इस बार भी लोगों ने काउंटर बढ़ाने की मांग की, ताकि ज्यादा समय न लगे। अब शनिवार को वार्ड नंबर सात स्थित शिव नगर के सरकारी स्कूल में प्रॉपर्टी टैक्स संबंधी शिविर लगेगा।
शहरवासियों की मांग पर प्रॉपर्टी टैक्स ऑनलाइन भरने की सुविधा शुरू कर दी गई है। अब लोगों को लाइनों में लगने की जरूरत नहीं है। यह जनता के हित में लिया गया बड़ा फैसला है, इसलिए जनता इसका भरपूर लाभ उठाए।
- अशोक गर्ग, कमिश्नर, नगर निगम
निगम अधिकारियों ने सराहनीय कदम उठाते हुए प्रॉपर्टी टैक्स को ऑनलाइन किया है। पूरी उम्मीद है कि ऑनलाइन टैक्स भरने की प्रक्रिया कामयाब होगी और लोगों को नगर निगम कार्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।
- गौतम सरदाना, मेयर, नगर निगम