हिसार। सरकारी स्कूल में पढ़ने वाले पहली से 5वीं कक्षा के विद्यार्थी व उनको पढ़ाने वाले गुरुजी एक साथ परीक्षा देते नजर आएंगे। दोनों का रिपोर्ट कार्ड तैयार कर मुख्यालय भेजी जाएगी ताकि पता चले कि उच्चारण-लेखन में विद्यार्थी व शिक्षकों का क्या स्तर है, जहां भी खामियां मिलती है तो उसे सुधारने के लिए आगामी योजना तैयार की जाए।
इसके लिए शिक्षा विभाग की ओर से जिले स्तर पर 135 होनहारों का चयन किया गया है, जोकि पहली से 5वीं कक्षा के विद्यार्थी है। इसके अलावा 15 शिक्षकों का चयन किया गया है, जोकि विद्यार्थियों के साथ परीक्षा देंगे। यह पूरा कार्यक्रम जिलास्तरीय रफ्तार योजना के तहत किया जाएगा, जिसमें पठन से लेकर लिखित पाठ्यक्रमों में प्रतिस्पर्धा होगी।
खास बात है कि हर कक्षा के होनहार के लिए उच्चारण से लेकर लिखित परीक्षा में समय तय किए गए है, जिसमें उनके पास 10 सेकेंड से लेकर 30 सेकेंड व किसी में 60 सेकेंड का समय दिया जाएगा। गांव गंगवा स्थित राजकीय प्राइमरी स्कूल में उपरोक्त परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। सुबह 10 बजे से ही यह प्रतियोगिता शुरू हो जाएगी। खाने में होनहारों को मिड डे मील का खाना दिया जाएगा।